Rajasthan News: राजस्थान के चूरू से एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे कानून सिस्टम की धज्जियां उड़ा कर रख दी हैं। सुरक्षा मांगने आए एक प्रेमी जोड़े पर एसपी के दफ्तर के अंदर ही हमला हो गया। दबंग बदमाश दूल्हे को अधमरा कर नई नवेली दुल्हन को सरेआम उठा ले गए। वारदात को हुए 20 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन चूरू पुलिस के हाथ अब तक पूरी तरह खाली हैं।

10 दिन पहले हुई थी लव मैरिज, एसपी ऑफिस में कटी गदर
जानकारी के मुताबिक, झाड़सर, चूरू के रहने वाले एक लड़के ने नाथवाना बीकानेर की लड़की से करीब 10 दिन पहले अपनी मर्जी से लव मैरिज की थी। शादी के बाद से ही दोनों को जान का खतरा सता रहा था। इसी डर के मारे सोमवार दोपहर दोनों सुरक्षा की गुहार लेकर चूरू एसपी ऑफिस पहुंचे थे।
दोनों ने दफ्तर में अपनी शादी के सारे कागज जमा करवाए। इसके बाद वहां तैनात पुलिसवालों ने उन्हें परिवादी रूम में बैठने को कहा। तभी अचानक लड़की पक्ष के कुछ लोग फिल्मी स्टाइल में वहां धमक पड़े।
दूल्हे के कपड़े फाड़े, साइड गेट का कुंडा तोड़कर भागे बदमाश
एसपी ऑफिस के अंदर बैठे जोड़े पर बदमाशों ने अचानक हमला बोल दिया। उन्होंने दूल्हे को बेरहमी से पीटना शुरू किया और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। इसके बाद दुल्हन को जबरन एक कार में ठूंस लिया।
दबंगई का आलम यह था कि बदमाशों ने भागने के लिए एसपी ऑफिस के साइड गेट का कुंडा तक तोड़ डाला। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि कलेक्ट्रेट और एसपी दफ्तर के चौक पर मौजूद भारी पुलिस जाब्ता मूकदर्शक बनकर तमाशा देखता रह गया।
एसपी बोले- लापरवाही पर गिरेगी गाज
इस पूरे मामले पर चूरू के एसपी निश्चय प्रसाद एम ने बताया कि प्रेमी जोड़ा स्वागत कक्ष में बैठा हुआ था। इसी दौरान लड़की के घरवाले वहां आए और उसे अपने साथ ले गए। पूरे दफ्तर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए 4 स्पेशल टीमें बनाई गई हैं और जिले भर में कड़क नाकाबंदी की गई है। इस घटना में जो भी शामिल है, उस पर सख्त कानूनी एक्शन होगा। अगर किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही मिलती है, तो उसे भी नहीं बख्शा जाएगा।
…तो आम आदमी कहां जाए?
इस सरेआम हुई गुंडागर्दी के बाद लड़के के घरवालों का गुस्सा सातवें आसमान पर है। युवक के जीजा ने पुलिस की मुस्तैदी पर सीधे सवाल खड़े कर दिए हैं। उनका कहना है कि जब जिले का सबसे सुरक्षित माना जाने वाला एसपी दफ्तर ही सुरक्षित नहीं है, तो आम जनता की सुरक्षा भगवान भरोसे ही है।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया

