Rajasthan News: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को गुरु पूर्णिमा के मौके पर डीग जिले के पूंछरी का लौठा और भरतपुर के लुधावई स्थित बड़ा हनुमान मंदिर में धार्मिक आयोजनों में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने संत-महात्माओं का सम्मान किया, उनका आशीर्वाद लिया और आम लोगों की समस्याएं भी सुनीं।

पूंछरी का लौठा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में उन्होंने पत्नी के साथ पंचामृत से अभिषेक कर पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। संतों का पूजन कर उन्होंने गुरु परंपरा को नमन किया और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। वहीं मुकुट मुखारविंद पर श्री गिरिराज जी का दुग्धाभिषेक कर श्रद्धा अर्पित की।
इसके बाद वे भरतपुर के लुधावई पहुंचे और बड़ा हनुमान मंदिर में सपत्नीक दर्शन कर जनकल्याण की प्रार्थना की। गुरु वंदन कार्यक्रम के तहत उन्होंने महंत रामदास जी महाराज को शॉल, श्रीफल, मिठाई और सम्मान राशि भेंट की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के साथ बैठकर प्रसादी भी ग्रहण की।
मुख्यमंत्री ने मंदिर के पास जनसुनवाई भी की, जिसमें आमजन की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्यभर में गुरु पूर्णिमा पर “गुरु वंदन” कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ताकि गुरु परंपरा और संत-संस्कृति के सम्मान को समाज में और मजबूत किया जा सके।
इस मौके पर गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म, विधायक जगत सिंह, बहादुर सिंह कोली, डॉ. शैलेश सिंह, नौक्षम चौधरी समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
पढ़ें ये खबरें
- रायगढ़ नगर निगम की वेबसाइट हैक! खुलते ही दिखा पाकिस्तान का सिंबल, जांच में जुटी पुलिस
- कलेक्टर के सामने महिला ने खोली जिला अस्पताल की पोल, बोली- रात में बिना बताए आइए, तब पता चलेगी हकीकत
- महिला कांग्रेस की बैठक: सरकार की नीतियों के खिलाफ संघर्ष और महिलाओं के अधिकारों पर हुई चर्चा, आगामी कार्यक्रमों पर बनी रणनीति
- अनोखी शादी: मायके से खुद बरात लेकर निकली दुल्हन, शुभ मुहूर्त के चक्कर में लहंगे में ही सड़क पर लगा दी दौड़
- पानी की बूंद-बूंद को तरसे लोग: गुड़गांव के 40% हिस्से में बिजली सप्लाई ठप, पुलिस ने खुलवाया जाम
