Rajasthan News: कोटा के सुल्तानपुर इलाके से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है। सुल्तानपुर के सरकारी अस्पताल (CHC) में इलाज कराने आए मरीजों को जैसे ही ड्रिप चढ़ाई गई, वैसे ही उनके हाथ-पांव कांपने लगे। मरीजों का शरीर अचानक बर्फ जैसा ठंडा होने लगा और हालत बिगड़ गई। इस घटना के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में एक मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे कोटा रेफर करना पड़ा है। इस मामले के बाद चिकित्सा विभाग ने एक्शन लेते हुए उन दवाओं के तीन बैचों के इस्तेमाल पर पूरे राजस्थान में तुरंत रोक लगा दी है।

ड्रिप लगते ही कांपने लगा शरीर
शनिवार की रात सुल्तानपुर अस्पताल में डिहाइड्रेशन और उल्टी-दस्त की शिकायत लेकर कुछ मरीज पहुंचे थे। नोताडा के रहने वाले अख्तर हुसैन ने बताया कि वह अपनी बहन शबाना को सिरदर्द के कारण अस्पताल लाए थे। डॉक्टर ने जैसे ही आरएल (RL) ड्रिप लगाई, शबाना को तेज सर्दी लगने लगी और पूरा शरीर कांपने लगा। ऐसा ही वाकया चम्पाखेड़ा के चिंटू और डोबरली के दिनेश गुर्जर के साथ भी हुआ। दिनेश की हालत इतनी खराब हो गई कि उसे रात में ही कोटा के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
पूरे प्रदेश में दवाओं पर लगी रोक
मामला सामने आते ही ड्यूटी पर तैनात डॉ. कमल मालव और सीएचसी प्रभारी डॉ. श्याम मालव ने तुरंत बड़े अफसरों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद रविवार को पूरे राजस्थान में इन दवाओं के स्टॉक को सील करने का आदेश जारी कर दिया गया। अस्पताल से इन बोतलों को हटाकर एक अलग कमरे में बंद कर दिया गया है। अब मरीजों के लिए दूसरे बैच की दवाएं मंगवाई गई हैं।
जयपुर भेजी जा रही हैं बोतलें
दवा नियंत्रण विभाग की टीम अब अस्पताल पहुंचकर इन दवाओं के सैंपल लेगी। हर दवा की 10-10 बोतलें जांच के लिए जयपुर भेजी जाएंगी। जब तक लैब से रिपोर्ट सही नहीं आ जाती, तब तक इन दवाओं को किसी भी मरीज को नहीं दिया जाएगा।
इन तीन दवाओं के बैच पर लगी है रोक
आरएल कंपाउंड सोडियम लैक्टेट (बैच नंबर: 2514017233)
डीएनएस सोडियम क्लोराइड (बैच नंबर: 55BY95)
एनएस सोडियम क्लोराइड (बैच नंबर: S1BY179)
अधिकारियों का क्या कहना है?
डॉ. श्याम मालव, सीएचसी प्रभारी, सुल्तानपुर का कहना है कि कुछ मरीजों को ड्रिप लगाने के बाद दिक्कत हुई थी। हमने तुरंत वो दवाएं हटा दी हैं और जांच के लिए सैंपल भेज रहे हैं।वहीं जब तक जांच रिपोर्ट नहीं आ जाती, तब तक पूरे प्रदेश में इस बैच की दवाओं के इस्तेमाल पर रोक रहेगी।
पढ़ें ये खबरें
- घर की 5 बड़ी परेशानियों का सफेद सिरका और तेज पत्ता से होगा समाधान, जानें इस्तेमाल का सही तरीका
- सोनम वांगचुक के समर्थन में आप का बड़ा ऐलान, 20 जुलाई को यूपी के हर जिले में सड़क पर उतरेगी पार्टी
- 50 हेक्टेयर जंगल पर बाहरी लोगों का कब्जा, बने नए आधार कार्ड? रोजगार सहायक पर आरोप, क्या सो रहा है वन विभाग?
- PM मोदी के जालंधर दौरे से पहले हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
- बाल संप्रेषण गृह में किशोर अपचारी ने की आत्महत्या, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
