Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति में एक बार फिर बयानों के तीखे तीर चलने शुरू हो गए हैं। कांग्रेस के दिग्गज नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने जयपुर में मीडिया से बात करते हुए केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार पर चौतरफा हमला बोला है। पायलट ने पेट्रोल-डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों, NEET पेपर लीक और निकाय चुनावों में हो रही देरी को लेकर सरकार की नीतियों की धज्जियां उड़ा दीं।

पटाखे ही फोड़ देते तो क्या दिक्कत थी

सचिन पायलट ने पेट्रोल-डीजल के रोज बढ़ते दामों पर तंज कसते हुए कहा कि चुनाव के नतीजे आते ही सरकार ने अपना असली रंग दिखा दिया है। अब हर दिन दाम बढ़ाए जा रहे हैं। पायलट ने चुटकी लेते हुए कहा, अगर जनता पर ऐसा ही बोझ डालना था, तो चुनाव के समय जो बड़े-बड़े भाषण दे रहे थे, उससे पहले ही पटाखे फोड़ देते तो क्या दिक्कत आती?

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अब जनता को खाने का तेल कम करने और सोना न खरीदने की फालतू की बचत सिखा रही है, जबकि डीजल महंगा होने से खाने-पीने की हर चीज अपने आप महंगी हो गई है। सरकार का ध्यान महंगाई कम करने पर नहीं, बल्कि सिर्फ चुनाव जीतने और विपक्ष को परेशान करने पर है।

NEET पेपर लीक पर घेरा, झुंझुनू के दलित बच्चे का किया जिक्र

लगातार तीसरी बार NEET पेपर लीक होने के मामले पर भी पायलट ने सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि 24, 25 और अब 26 में भी पेपर लीक हो गया। जब चोरी पकड़ी जाती है, तब जाकर ये लोग परीक्षा कैंसिल करते हैं। सिर्फ सीबीआई को जांच सौंप देने से सरकार अपनी जिम्मेदारी से भाग नहीं सकती।

पायलट ने भावुक होते हुए कहा कि इस लापरवाही के कारण देश के 22 लाख बच्चों का भविष्य दांव पर लगा है और कई बच्चे खुदकुशी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे खुद झुंझुनू गए थे, जहां एक गरीब दलित परिवार के बच्चे ने इस सिस्टम से परेशान होकर अपनी जान दे दी। लेकिन इस सरकार को युवाओं के भविष्य से ज्यादा अपनी कुर्सी से प्यार है। शिक्षा मंत्री से लेकर किसी भी बड़े जिम्मेदार नेता ने अब तक इस्तीफा नहीं दिया है।

विदेश नीति पर उठाया सवाल, मार्को रुबियो के दौरे पर बोले

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के जयपुर दौरे और भारत की विदेश नीति पर बात करते हुए पायलट ने कहा कि भारत की विदेश नीति हमेशा से ऐसी रही है कि हमारे रिश्ते सबके साथ बराबरी के रहे हैं। लेकिन आज हमें डिक्टेट किया जा रहा है कि हम रूस, ईरान या वेनेजुएला से तेल लें या न लें। उन्होंने कहा कि द्विपक्षीय संबंध हमेशा बराबरी के प्लेटफार्म पर होने चाहिए, चाहे सामने अमेरिका हो, रूस हो या चीन।

दोनों इंजन आपके, फिर भी चुनाव से डर रहे

राजस्थान में पंचायत और निकाय चुनाव टलने पर पायलट ने सरकार की नीयत पर साफ सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि कोर्ट से बार-बार फटकार मिल रही है। इस बार भी कोर्ट ने 31 जुलाई तक चुनाव कराने को कहा है। सरकार ने न तो छात्रसंघ चुनाव कराए और न ही समय पर निकाय चुनाव करा रही है।

पायलट ने कहा, केंद्र में भी आपकी सरकार है और राज्य में भी। दोनों इंजन आपके हैं, फिर भी चुनाव कराने की हिम्मत नहीं हो रही। उन्होंने दावा किया कि चुनाव होते ही बीजेपी की पोल खुल जाएगी और कांग्रेस बंपर जीत दर्ज करेगी, इसी डर से सरकार कोर्ट में कभी गर्मी तो कभी रिपोर्ट न आने के बहाने बना रही है।

पढ़ें ये खबरें