Rajasthan News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 4 जुलाई को राजस्थान दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बालोतरा में देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का लोकार्पण, संशोधित उड़ान योजना की शुरुआत और जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास भी करेंगे।

यह रिफाइनरी 21 अप्रैल को शुरू होनी थी, लेकिन उद्घाटन से एक दिन पहले परिसर में आग लगने की घटना के बाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया था।
जोधपुर एयरपोर्ट को मिलेगा नया टर्मिनल
प्रधानमंत्री अपने दौरे की शुरुआत जोधपुर से करेंगे। यहां करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से बने नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन होगा। यह टर्मिनल हर साल लगभग 20 लाख यात्रियों की आवाजाही संभालने में सक्षम होगा।
इसी कार्यक्रम में केंद्र सरकार संशोधित उड़ान योजना की भी शुरुआत करेगी। इस योजना के तहत अगले 10 वर्षों में क्षेत्रीय हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए 28,840 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
54 हजार युवाओं को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
राजस्थान दौरे के दौरान प्रधानमंत्री राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में हाल ही में चयनित करीब 54 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। इसे राज्य में रोजगार के लिहाज से एक बड़ा कार्यक्रम माना जा रहा है।
जयपुर मेट्रो फेज-2 की रखेंगे नींव
प्रधानमंत्री जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना का वर्चुअल शिलान्यास करेंगे। 13 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली इस परियोजना में 41 किलोमीटर लंबा उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर बनाया जाएगा, जिसमें 36 मेट्रो स्टेशन शामिल होंगे।
इसके साथ ही पीएम चूरू-सादुलपुर और चूरू-रतनगढ़ रेल लाइन दोहरीकरण परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे। वहीं, एनएच-125ए के तहत जोधपुर रिंग रोड के करवार-डांगियावास फोरलेन खंड का भी उद्घाटन किया जाएगा।
79,450 करोड़ की रिफाइनरी परियोजना
बालोतरा स्थित पचपदरा रिफाइनरी हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार के संयुक्त उपक्रम की परियोजना है। करीब 79,450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह देश की पहली ग्रीनफील्ड रिफाइनरी मानी जा रही है। इसके शुरू होने से पश्चिमी राजस्थान में औद्योगिक विकास, रोजगार और पेट्रोकेमिकल क्षेत्र को नई गति मिलने की उम्मीद है।
पढ़ें ये खबरें
- IND W vs ZIM W 2nd T20I: भारत ने 67 गेंद बाकी रहते जिम्बाब्वे को 9 विकेट से रौंदा, शेफाली वर्मा ने जड़ा अर्धशतक, सीरीज में बनाई 2-0 की अजेय बढ़त
- ग्वालियर शीतला माता मंदिर हादसा: मजिस्ट्रियल जांच के आदेश, 7 दिन में रिपोर्ट सौंपेंगे ADM सीबी प्रसाद
- हथियार के साथ रील बनाना पड़ा भारी, अस्पताल से सीधे जेल पहुंची युवती, कट्टा लहराकर सोशल मीडिया पर फैलाई दहशत
- भारत में ग्लोबल रिलीज से पहले आएगी ‘Avengers: Doomsday’, इस दिन सिनेमाघरों में देगी दस्तक
- अंकिता भंडारी हत्याकांड: भारी लापरवाही पर LIU इंस्पेक्टर सस्पेंड, आखिर क्या थी वो बड़ी चूक?
