Rajasthan News: देश में NEET और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुए बड़े फर्जीवाड़े को लेकर सियासत का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अब इस मुद्दे को लेकर सीधे युवाओं के बीच उतरने जा रहे हैं। राहुल गांधी एक बड़ा राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू कर रहे हैं, जिसका पहला धमाका 17 जून को राजस्थान के कोचिंग हब यानी कोटा से होने जा रहा है।

बता दे कि कोटा को पूरे देश में नीट, जेईई और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का सबसे बड़ा गढ़ माना जाता है। देश के कोने-कोने से लाखों छात्र अपने सपनों को पूरा करने यहां आते हैं। राहुल गांधी 17 जून को सीधे इन कोचिंग छात्र-छात्राओं के बीच बैठेंगे। वे उनसे पेपर लीक का दर्द सुनेंगे और कोचिंग संस्थानों की लगातार बढ़ती भारी-भरकम फीस को लेकर भी खुली चर्चा करेंगे।
कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री केसी वेणुगोपाल ने राहुल गांधी के इस तूफानी दौरे को लेकर एक आधिकारिक सर्कुलर जारी कर दिया है। कोटा से शुरुआत करने के बाद राहुल गांधी का यह काफिला देश के दूसरे बड़े छात्र गढ़ों की तरफ बढ़ेगा।
- 10 जुलाई: इलाहाबाद में युवाओं से बातचीत।
- 11 जुलाई: बिहार की राजधानी पटना में छात्र सम्मेलन।
- 14 जुलाई: देश की राजधानी दिल्ली में छात्र संगठनों से सीधा संवाद।
सड़कों पर उतरेगी लड़ाई, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
केसी वेणुगोपाल के सर्कुलर के मुताबिक, राहुल गांधी इस आंदोलन के जरिए छात्रों की प्रमुख मांगों को सड़कों पर लेकर जाएंगे। कांग्रेस की मांग है कि नीट परीक्षा का डीसेंट्रलाइजेशन किया जाए, भारी-भरकम परीक्षा फीस को पूरी तरह खत्म किया जाए और पेपर लीक माफियाओं के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई हो। इसके साथ ही सरकार के सबसे ऊंचे स्तर पर जवाबदेही तय करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को भी पुरजोर तरीके से उठाया जाएगा।
गौरतलब है कि धांधली और पेपर लीक के पुख्ता सबूत मिलने के बाद नीट-यूजी 2026 की परीक्षा को रद्द कर दिया गया था, जिसे अब इसी महीने 21 जून को दोबारा कराया जा रहा है। ऐसे में परीक्षा से ठीक 4 दिन पहले कोटा में राहुल गांधी की एंट्री से सियासी माहौल गरमाना तय है। इस अभियान को सफल बनाने के लिए एनएसयूआई (NSUI), यूथ कांग्रेस और सभी जिला कमेटियों को कोचिंग सेंटरों और हॉस्टलों में जाकर छात्रों को जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया

