Rajasthan News: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) की भर्ती प्रक्रिया में एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। खान एवं भूविज्ञान विभाग की एक बड़ी भर्ती में अचानक 3 अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन गायब हो गए।

चौंकाने वाली बात यह है कि न तो आयोग ने ये फॉर्म हटाए और न ही खुद अभ्यर्थियों ने इन्हें वापस लिया। बल्कि किसी शातिर हैकर ने आरपीएससी के पोर्टल में सेंधमारी की और तीनों आवेदन डिलीट कर दिए। शक है कि किसी चहेते को नौकरी का फायदा पहुंचाने के लिए यह पूरा खेल रचा गया है।
29 दिसंबर की शाम को हुआ बड़ा खेल
यह पूरा मामला सहायक खनिज अभियंता भर्ती-2024 से जुड़ा है। लिखित परीक्षा के बाद आरपीएससी ने दोगुना अभ्यर्थियों की एक लिस्ट जारी की थी। इस लिस्ट में शामिल एक अभ्यर्थी के मोबाइल पर 29 दिसंबर 2025 की शाम को अचानक एक मैसेज आया। मैसेज में लिखा था कि आपका आवेदन वापस ले लिया गया है।
घबराए अभ्यर्थी ने 1 जनवरी 2026 को आयोग को ई-मेल भेजकर इसकी शिकायत की। उसने बताया कि उसने ऐसा कोई फॉर्म वापस नहीं लिया है। इसके बाद आयोग के होश उड़ गए, क्योंकि उस समय आरपीएससी की तरफ से फॉर्म वापस लेने का कोई लिंक या विंडो खुली ही नहीं थी।
फर्जी आईडी बनाकर पोर्टल में घुसा हैकर
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएससी ने तुरंत जयपुर के आईटी विभाग से इसकी तकनीकी जांच करवाई। जांच की रिपोर्ट आते ही सबके पैरों तले जमीन खिसक गई। पता चला कि यह एक सोची-समझी डिजिटल साजिश थी। किसी अज्ञात व्यक्ति ने 29 दिसंबर को शाम 6:16 बजे पोर्टल पर एक फर्जी यूजर आईडी बनाई।
इसके बाद सीधे रिक्रूटमेंट पोर्टल को अवैध रूप से एक्सेस किया और तीनों होनहार अभ्यर्थियों के आवेदनों को सिस्टम से उड़ा दिया, ताकि मेरिट लिस्ट में किसी दूसरे को गलत तरीके से फायदा मिल सके।
साइबर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
डिजिटल फॉरेंसिक जांच में हैकर की ईमेल आईडी और आईपी एड्रेस का सुराग मिल चुका है। आरपीएससी की शिकायत पर अजमेर के साइबर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) यानी धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आयोग के सचिव ने दो टूक कहा है कि रिक्रूटमेंट पोर्टल के साथ छेड़छाड़ कर परीक्षा को प्रभावित करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
पढ़ें ये खबरें
- भारत छोड़ने का आदेश के नोटिस को इमरान खान ने बॉम्बे HC में दी चुनौती, कहा- यह पूरी तरह से गैर-संवैधानिक
- 2 हजार के लालच में डोला ईमानः निगम का सुपरवाइजर रिश्वत लेते गिरफ्तार, इस काम के लिए मांगी थी घूस
- महाअष्टमी आज: वैवाहिक जीवन में आपसी रिश्ते मजबूत करने के लिए मां महागौरी को अर्पित करें ये खास चीज…
- स्वामित्व योजना में तकनीकी संकट! सुबह 6 से शाम 7 बजे तक डाउन रहता है सर्वर, पटवारियों के लिए लक्ष्य पूरा करना बना चुनौती
- Delhi Property Tax New Rules: रेखा गुप्ता सरकार दिल्ली में प्रॉपर्टी टैक्स के नए नियम लागू करेगी, महिलाओं और बुजुर्गों को होगा फायदा
