Rajasthan News: राजस्थान के पाली जिले के गुरलाई गांव में उस वक्त तनाव की स्थिति बन गई जब कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत को पंचायत भवन का उद्घाटन किए बिना लौटना पड़ा। ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्य न होने और सड़कों पर कीचड़ की समस्या को लेकर मौके पर विरोध जताया।
उद्घाटन से पहले ही भड़का गुस्सा
शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे मंत्री जोराराम कुमावत गांव पहुंचे थे। नया पंचायत भवन बनकर तैयार था और इसका उद्घाटन होना था। लेकिन जैसे ही कार्यक्रम शुरू होने को था, ग्रामीणों का गुस्सा सामने आ गया।

प्रकाश चौकीदार, किरण मीणा और जबर सिंह सहित कई लोगों ने मौके पर पहुंचकर सवाल उठाए कि पिछले 5 सालों में गांव में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। सड़कों पर घुटनों तक कीचड़ है, स्कूल की छत टपक रही है, और खेल मैदान भी गुरलाई के बजाय दूसरे गांव काणतरा में बना दिया गया।
हंगामे के बीच मंत्री लौटे
बीजेपी नेता पुखराज पटेल ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण मानने को तैयार नहीं थे। नतीजा ये रहा कि मंत्री ने पंचायत भवन का उद्घाटन करने से इनकार कर दिया और कार्यक्रम अधूरा छोड़कर लौट गए।
मंत्री ने मानी समस्या, लेकिन जताई नाराजगी
जोराराम कुमावत ने बाद में मीडिया से कहा, ग्रामीणों की शिकायत वाजिब हो सकती है, लेकिन उन्होंने जिस तरीके से उसे सामने रखा, वह ठीक नहीं था। मैंने तुरंत अधिकारियों को निर्देश दिया है कि कीचड़ और विकास से जुड़ी समस्याओं को जल्द हल करें।
अब सीधे सवाल ही पूछेंगे
गांव के एडवोकेट किरण कुमार मीणा ने कहा, हमने मंत्री से उम्मीद की थी कि कुछ सुनेंगे। लेकिन गांव की हालत देख लीजिए स्कूल की छत से पानी टपक रहा है, सड़क पर चल नहीं सकते, और खेल मैदान भी दूसरे गांव में बना दिया। ऐसे में हम क्या माला पहनाएं?
पढ़ें ये खबरें
- कुत्तों को नशीला मांस खिलाकर की थी करोड़ों की चोरी, जयपुर से शातिर डकैत शाहरुख गिरफ्तार, नौकरानी समेत 8 लोग हुए थे गिरफ्तार
- CJP प्रोटेस्ट में पाकिस्तानी एंगल आया सामने ! दिल्ली पुलिस ने 480 सोशल मीडिया हैंडल किए ब्लॉक
- हरियाणा के सरकारी स्कूलों में अब सप्ताह में एक दिन गूंजेगा राज्य गीत, शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश
- असम के 11 जिले बाढ़ की चपेट में, अब तक 41 की गई जान; 6.50 लाख से अधिक लोग प्रभावित, बचाव में उतरी सेना
- Bihar Top News 23 july 2026: लाठीचार्ज के विरोध में विधानसभा में हंगामा, छात्र की अपहरण के बाद हत्या

