Rajasthan News: राजस्थान की 3 राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव में बिना एक भी वोट पड़े ही नतीजों का फैसला हो गया। बीजेपी के दिग्गज नेता डॉ. सतीश पूनिया, अलका गुर्जर और कांग्रेस के नीरज डांगी को निर्विरोध राज्यसभा सदस्य चुन लिया गया है।
गुरुवार को नामांकन वापसी का समय खत्म होने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने तीनों के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी। इसके तुरंत बाद ही जयपुर विधानसभा परिसर में तीनों नेताओं को बकायदा जीत का प्रमाण पत्र भी सौंप दिया गया।

वोटिंग की नौबत ही नहीं आई, समझिए पूरा गणित
देखा जाए तो इन तीन सीटों के लिए आगामी 18 जून को वोटिंग होनी तय हुई थी। लेकिन राजनीति के जादूगरों को पहले से ही गणित का अंदाजा था। राज्यसभा पहुंचने के लिए एक उम्मीदवार को कम से कम 51 विधायकों के वोटों की जरूरत थी। राजस्थान विधानसभा में इस वक्त बीजेपी के पास 118 सीटें हैं, जिससे उसके दो उम्मीदवार आसानी से जीत रहे थे।कांग्रेस के खाते में 66 सीटें हैं, जो एक उम्मीदवार को जिताने के लिए काफी थीं। चूंकि सीटों के हिसाब से सिर्फ 3 ही वैध उम्मीदवार मैदान में बचे थे, इसलिए वोटिंग कराने की जरूरत ही नहीं पड़ी।
बीजेपी ने साधा जातिगत समीकरण
बीजेपी ने इस चुनाव के जरिए राजस्थान के दो बड़े वोट बैंक को साधने की सफल कोशिश की है। पार्टी ने जाट समाज के बड़े चेहरे और पूर्व प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सतीश पूनिया को उच्च सदन भेजा है। वहीं महिला मोर्चा से जुड़ीं अलका गुर्जर को उम्मीदवार बनाकर गुर्जर समाज को बड़ा संदेश दिया है। दूसरी तरफ, कांग्रेस ने किसी भी नए चेहरे पर दांव खेलने के बजाय अपने निवर्तमान राज्यसभा सांसद नीरज डांगी पर दोबारा भरोसा जताया और वे भी सांसद बनने में कामयाब रहे।
विधानसभा में गूंजी बधाइयों की गूंज
गुरुवार दोपहर को जैसे ही राज्यसभा निर्वाचन के रिटर्निंग ऑफिसर भारत भूषण शर्मा ने तीनों प्रत्याशियों को निर्वाचित घोषित किया, विधानसभा परिसर में जश्न का माहौल बन गया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद सतीश पूनिया और अलका गुर्जर ने इसे कार्यकर्ताओं की जीत बताया, तो वहीं कांग्रेस खेमे में भी नीरज डांगी के पुनर्निर्वाचन पर खुशी देखी गई। इस निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही अब दिल्ली के उच्च सदन में राजस्थान से भाजपा और कांग्रेस के सांसदों की संख्या बराबर-बराबर (5-5) हो गई है।
पढ़ें ये खबरें
- iPhone 18 series launch: Apple ने पेश किया फोल्डेबल iPhone Duo, iPhone 18 Pro और Pro Max भी लॉन्च, जाने कीमत और फीचर्स
- सिर्फ 200 रुपये के लिए खूनी विवाद, उधार के पैसे नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला
- न सीमेंट कमजोर था, न सरिया… फिर बरेली में कैसे गिरी पानी की टंकी? जानने के लिए पढ़ें जल निगम की रिपोर्ट
- ‘ट्रैफिक गर्ल’ शुभी जैन का पुलिस पर गंभीर सवाल! बोलीं- ‘लेडीज जात’ कहकर की बदसलूकी, पुलिस ही आम जनता से ऐसा व्यवहार करेगी तो कैसे होगा भरोसा?
- Zudio स्टोर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नगदी सहित लाखों का सामान बरामद


