Rajasthan News: नीट परीक्षा विवाद के बाद सुसाइड करने वाले छात्र प्रदीप माहिच के परिवार ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। राहुल गांधी ने परिवार को ढांढस बंधाया और कहा कि इंसाफ जरूर मिलेगा। लेकिन इस मुलाकात के बाद आई एक तस्वीर ने राजस्थान की राजनीति में भूचाल ला दिया है।

तस्वीर में पीड़ित परिवार के ठीक बगल में सीकर कोतवाली थाने का एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर राजेश जोया खड़ा दिखाई दे रहा है।
राहुल गांधी के बगल में कैसे पहुंचा सीकर का बदमाश?
झुंझुनूं के प्रदीप माहिच ने नीट परीक्षा रद्द होने के तनाव में जान दे दी थी। प्रदीप के पिता और बहन न्याय की गुहार लगाने दिल्ली पहुंचे थे। NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने इस मुलाकात की मध्यस्थता की थी। आधे घंटे चली इस बैठक की तस्वीरें जैसे ही सोशल मीडिया पर आईं, हड़कंप मच गया। फोटो में राजेश जोया को देखकर हर कोई हैरान है। उस पर हत्या के प्रयास और मारपीट जैसे 14 गंभीर केस दर्ज हैं।
सूत्रों की मानें तो पुलिस रिकॉर्ड में राजेश जोया का नाम रोहित गोदारा गैंग से भी जुड़ चुका है। इतने बड़े नेता की सुरक्षा और बैठक में एक हिस्ट्रीशीटर का पहुंचना बड़ी चूक माना जा रहा है। बीजेपी इस मुद्दे पर हमलावर हो गई है।
मुझे नहीं पता था वो अपराधी है
विवाद बढ़ने के बाद NSUI अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने तुरंत सफाई दी। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि परिवार के साथ आया व्यक्ति कोई हिस्ट्रीशीटर है। परिवार के लोगों ने उसे अपना रिश्तेदार बताया था। विनोद जाखड़ ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना था।
हिस्ट्रीशीटर ने खुद को बताया बेकसूर
दूसरी तरफ, विवादों में घिरे राजेश जोया का भी बयान सामने आया है। उसका कहना है कि उसके खिलाफ दर्ज कई मामले अब खत्म हो चुके हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ गलत तरीके से हिस्ट्रीशीट खोल रखी है। वह इसके खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगा। बहरहाल, इस एक तस्वीर ने राजस्थान से लेकर दिल्ली तक सियासी पारा हाई कर दिया है।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया
