Rajasthan News: जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम और डीआरआई (DRI) की टीम को बड़ी कामयाबी मिली है। बुधवार को शारजाह से आए एक यात्री को टीम ने करोड़ों रुपये के सोने के साथ दबोच लिया। आरोपी के पास से करीब 2.08 किलो सोना मिला है। बाजार में इसकी कीमत लगभग 3.23 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

बैग की चेकिंग में खुली पोल
पकड़ा गया आरोपी बीकानेर का रहने वाला है। वह शारजाह से फ्लाइट पकड़कर जयपुर उतरा था। एयरपोर्ट पर उसकी हरकतें देखकर अधिकारियों को शक हुआ। टीम ने तुरंत उसे रोका और उसके ट्रॉली बैग की तलाशी ली। बैग के अंदर कपड़ों के बीच 10 से ज्यादा क्रीम वाली ट्यूब रखी हुई थीं।
ट्यूब दबाई तो निकला पीला सोना
अफसरों ने जब यात्री से कड़ाई से पूछताछ की तो वह घबरा गया। इसके बाद जब टीम ने उन ट्यूब को दबाकर देखा तो सबके होश उड़ गए। ट्यूब के अंदर क्रीम नहीं, बल्कि पेस्ट के रूप में छुपाया गया सोना था। आरोपी ने इतनी चालाकी से सोना छिपाया था कि पहली नजर में कोई पकड़ ही न पाए। लेकिन चालाकी काम नहीं आई। टीम ने तुरंत ऐक्शन लिया और 2 किलो 8 ग्राम सोना जब्त कर लिया।
आरोपी पहुंचा जेल, बड़े नेटवर्क की जांच शुरू
गुरुवार को डीआरआई की टीम ने आरोपी को जयपुर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, अब एजेंसी इस बात का पता लगा रही है कि इस तस्करी के पीछे दुबई या शारजाह का कौन सा बड़ा गैंग है। यह सोना जयपुर में किसे डिलीवर किया जाना था, इसकी भी पूरी कुंडली खंगाली जा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया
