Rajasthan News: जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम के पास आरसीए दफ्तर में हलचल अचानक बढ़ गई है। लंबे समय से चल रही खींचतान के बीच अब राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन के चुनाव का रास्ता साफ होता दिख रहा है।
जयपुर में एडहॉक कमेटी और जिला क्रिकेट संघों के बीच एक बड़ी बैठक हुई। इस बैठक के बाद खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने सरकार का रुख पूरी तरह साफ कर दिया है। सरकार का कहना है कि वे क्रिकेट के काम में कोई दखल नहीं देना चाहते।

खेल मंत्री का कड़ा रुख
बैठक में पहुंचे खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने मीडिया से खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि राजस्थान क्रिकेट को चलाना अंततः जिला संघों का ही काम है। आपसी मतभेद भुलाकर सबको एक होना पड़ेगा। खेल मंत्री ने साफ चेताया कि विवाद होने पर सरकार सिर्फ एडहॉक कमेटी बना सकती है। चुनाव तो आखिरकार पदाधिकारियों को ही कराने होंगे।
युवा खिलाड़ियों का क्या होगा
मंत्री ने समझाया कि समय पर चुनाव होना क्यों जरूरी है। सही समय पर बोर्ड बनने से बीसीसीआई से मिलने वाला पैसा और सामान सही जगह पहुंचेगा। जब आरसीए में एक चुनी हुई टीम होगी, तो प्रदेश के युवाओं को आगे बढ़ने का सही मौका मिलेगा। सिफारिश और गुटबाजी का खेल बंद होगा।
इसी महीने आ सकता है नोटिस
इधर, एडहॉक कमेटी के कन्वीनर मोहित यादव इस बैठक से काफी खुश दिखे। उनका दावा है कि 29 जिला संघों के पदाधिकारियों ने जल्द चुनाव कराने की बात का पूरा समर्थन किया है। कमेटी अब पूरी मुस्तैदी से काम में जुट गई है। उम्मीद है कि इसी महीने चुनाव का आधिकारिक नोटिस जारी हो जाएगा। इसके बाद चुनावी सरगर्मी और तेज होगी।
मैदान पर मैच, पर्दे के पीछे बड़ा एक्शन
जयपुर के ग्राउंड पर माहौल को हल्का करने के लिए एक फ्रेंडली मैच भी खेला गया। लेकिन असली खेल तो पर्दे के पीछे चल रहा था। सूत्रों के हवाले से खबर है कि बैठक के दौरान नागौर और सवाई माधोपुर जिला क्रिकेट संघों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी कर ली गई है। एक पत्र पर करीब 25 जिला संघों के पदाधिकारियों के दस्तखत करवाए गए हैं। एडहॉक कमेटी जल्द ही इन दोनों जिलों पर बड़ा फैसला ले सकती है। राजस्थान क्रिकेट के लिए यह बैठक आने वाले दिनों में बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित होने वाली है।
पढ़ें ये खबरें
- नवादा में पुलिस टीम पर हमला, महिला सिपाही का वीडिया बनाने से मना करने पर विवाद, 11 लोग गिरफ्तार
- CM डॉ. मोहन ने उज्जैन के विभिन्न गरबा आयोजनों में की शिरकत: महाकाल लोक के समीप 10 महाविद्याओं के किए दर्शन
- अंकिता भंडारी के इंसाफ को लेकर पूरे दिल्ली में जोरदार प्रदर्शन, प्रदर्शनकारियों की खबर न देने पर एलआईयू इंस्पेक्टर निलंबित
- Tiger Shroff Firing Case: अंधेरी स्टेशन पर मिली हमले में इस्तेमाल बाइक, CCTV में कैद हुए दो शूटर्स
- अटल आवास में लगी भीषण आग : दहशत में महिलाओं-बच्चों ने लगाई छलांग, लोगों ने रस्सी के सहारे किया रेस्क्यू
