Rajasthan News: नीट री-एग्जाम की तारीख करीब आते ही जयपुर में हलचल बढ़ गई है। परीक्षा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं। शहर के अलग-अलग इलाकों में खुफिया एजेंसियों की टीम ने डेरा डाल दिया है।

सूत्रों की मानें तो जयपुर पुलिस और आईबी की संयुक्त टीम ने शहर के कुछ इलाकों में घेराबंदी तेज कर दी है। खुफिया इनपुट के आधार पर एक दर्जन से ज्यादा लोगों को निगरानी सूची में डाल दिया गया है। ये वो लोग हैं जो पहले भी परीक्षा से जुड़ी गतिविधियों में संदिग्ध पाए गए थे। इनकी हर चाल, इनके फोन कॉल्स और सोशल मीडिया पोस्ट पर एजेंसियां बारीकी से नजर रख रही हैं।

सिर्फ पूछताछ, अभी गिरफ्तारी नहीं

पिछले 5 दिनों का आंकड़ा चौंकाने वाला है। पुलिस ने करीब 30 संदिग्धों को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ की है। शुक्रवार को भी जयपुर ईस्ट इलाके से 5 लोगों को उठाकर पूछताछ की गई। हालांकि, अभी तक किसी की आधिकारिक गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन जांच का दायरा तेजी से फैल रहा है।

टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप्स पर शिकंजा

जांच में एक बड़ा खुलासा ये हुआ है कि ये संदिग्ध टेलीग्राम और व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए सक्रिय हैं। इन ग्रुप्स में परीक्षा से जुड़ी सामग्री शेयर की जाती है, जिसके जरिए छात्रों को बरगलाने का काम होता है। सुरक्षा एजेंसियां अब इन डिजिटल नेटवर्क को तोड़ने में जुटी हैं।

नीट को लेकर एनटीए से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के दौरान अफवाह फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सुरक्षा एजेंसियों ने साफ कर दिया है कि अगर किसी ने भी पेपर लीक या सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश की, तो सीधे जेल होगी।

पढ़ें ये खबरें