Rajasthan News: मेवाड़ अंचल के श्रद्धा और भक्ति के प्रतीक श्री सांवलिया सेठ मंदिर ने इस बार दान और आस्था का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 24 जून को खोली गई दानपेटियों की गिनती के छठे चरण में मंदिर को कुल 29 करोड़ 22 लाख 60 हजार 530 रुपये की दानराशि प्राप्त हुई है। यह आंकड़ा अब तक के सभी रिकॉर्ड को पीछे छोड़ चुका है।

छह चरणों में पूरी हुई गिनती, छठे चरण में सिक्कों की बारी
दान राशि की गिनती कुल छह चरणों में सम्पन्न हुई। पहले पांच चरणों में 22.76 करोड़ रुपये से अधिक की नकद राशि गिनी गई, जबकि छठे चरण में केवल सिक्कों की गिनती की गई जिसमें 16 लाख 90 हजार 513 रुपये प्राप्त हुए। मंदिर को दानपेटियों से कुल 22.93 करोड़ रुपये, और भेंट कक्ष, ऑनलाइन, कार्यालय व मनी ऑर्डर के माध्यम से 6.28 करोड़ रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ।
सोना-चांदी और विदेशी मुद्रा भी बनी आकर्षण का केंद्र
इस बार मंदिर को 1 किलो सोना और 142 किलो 190 ग्राम चांदी भी चढ़ाई गई। साथ ही 15 देशों की विदेशी मुद्रा भी भक्तों द्वारा अर्पित की गई, जिसकी भारतीय मूल्य में अनुमानित कीमत लगभग साढ़े 4 लाख रुपये आंकी गई है।
24 जून को भंडार खुलते ही रिकॉर्ड शुरुआत
राजभोग आरती के बाद खोले गए भंडार में पहले ही दिन 10 करोड़ 25 लाख रुपये की गिनती हुई। अमावस्या मेले के चलते कुछ दिनों तक गिनती रुकी रही, लेकिन 26-27 जून और 1-2 जुलाई को पुनः गिनती का कार्य संपन्न हुआ।
भक्ति में भी रोजाना नया रिकॉर्ड
गिनती के आधार पर अनुमान लगाया गया है कि इस बार मंदिर को प्रतिदिन औसतन 97 लाख 42 हजार रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ है। यह आंकड़ा स्वयं बताता है कि भक्तों का श्री सांवलिया सेठ के प्रति विश्वास और प्रेम हर बार नई ऊँचाइयों को छू रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- राजधानी में ‘आजादी की धुन’ में गूंजा देशभक्ति का सुर, 100 युवा कलाकारों ने दी लाइव बैंड प्रस्तुति, मुख्यमंत्री साय ने बढ़ाया उत्साह
- राम मंदिर ट्रस्ट के CEO की तलाश में 5,585 आवेदन, अब 16 दावेदारों में से चुने जाएंगे तीन नाम
- भू-माफिया जफर खान पर एक और धोखाधड़ी का केस, एक ही जमीन के सौदों में लाखों की हेराफेरी का आरोप, एक दर्जन से ज्यादा केस दर्ज होने का दावा
- CG News: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी को 20 साल की सजा, फास्ट ट्रैक ने सुनाया फैसला
- सरकारी इमारतों का होगा कायाकल्प! 28 आवासों समेत वाशी-हल्द्वानी प्रोजेक्ट की समीक्षा

