Rajasthan News: राजस्थान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ आज जयपुर में प्रेस से रूबरू हुए और विपक्षी दल कांग्रेस पर जमकर बरसे। राठौड़ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मितव्ययिता की अपील पर कांग्रेस की ओर से की जा रही टिप्पणियों का करारा जवाब दिया। उन्होंने साफ कहा कि जो लोग नो ट्रस्ट की बात कर रहे हैं, वे केवल फिजूल की बातें कर रहे हैं।

पेपर लीक और MBBS कांड पर बड़ा बयान

नीट और पेपर लीक के मुद्दों पर विपक्ष को घेरते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि राजस्थान में पेपर लीक की शुरुआत कांग्रेस के राज में हुई थी। उन्होंने जमवारामगढ़ के उस परिवार का जिक्र करते हुए निशाना साधा जिसके पांच बच्चे मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। राठौड़ ने कहा कि जिस परिवार ने पेपर लीक के जरिए MBBS की, वह सब कांग्रेस शासन के दौरान ही हुआ था।

पेट्रोल-डीजल और वैट पर कांग्रेस को घेरा

पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों पर स्पष्टीकरण देते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने याद दिलाया कि कांग्रेस राज में वैट (VAT) 35% तक पहुंच गया था। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि हॉर्मूज जलडमरूमध्य जैसे खतरनाक रास्तों से जहाजों को सुरक्षित निकाल कर लाने का काम पीएम मोदी ने किया है, ताकि देश में ईंधन की आपूर्ति बाधित न हो।

पीएम की बचत की अपील का मजाक न उड़ाएं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फिजूलखर्ची रोकने और ईंधन बचाने की अपील पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया को राठौड़ ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, मितव्ययिता का मजाक उड़ा रहे हमारे कांग्रेस मित्र यह भूल रहे हैं कि फिजूलखर्ची रोकना राष्ट्रहित में है। पीएम ने अपील की है, तो इसमें गलत क्या है?

अशोक गहलोत पर नरम रुख

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक चौंकाने वाला बयान देते हुए मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गहलोत जी ने खुद पानी बचाओ, बिजली बचाओ का नारा दिया था। उन्होंने आगे कहा, हमने कभी व्यक्तिगत रूप से अशोक गहलोत की आलोचना नहीं की है लेकिन उन्होंने विपक्ष को लोकतंत्र में अपनी जिम्मेदारी समझने की सलाह भी दी।

पढ़ें ये खबरें