Rajasthan News: राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा इलाके से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां के मंडापुरा गांव में घर के पास ही बने सीवरेज के गंदे पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। एक साथ तीन बच्चों की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया।

मंडापुरा की भील बस्ती के रहने वाले किशन (8 वर्ष), सोहन (7 वर्ष) और विकास (9 वर्ष) मंगलवार दोपहर करीब एक बजे घर से खेलने के लिए निकले थे। जब काफी देर तक बच्चे वापस नहीं लौटे, तो घरवालों को चिंता हुई। दोपहर से लेकर शाम तक परिजन और ग्रामीण उन्हें ढूंढते रहे। इसी बीच घर के पास ही बने सीवरेज के गंदे पानी के एक गड्ढे में बच्चों की चप्पलें तैरती हुई दिखाई दीं। चप्पलें देखते ही परिजनों के पैर तले जमीन खिसक गई।
ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। पचपदरा पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से शाम करीब पांच बजे तीनों बच्चों के शवों को गंदे पानी से बाहर निकाला गया। दरअसल, भील बस्ती में सीवरेज निकासी की लाइन आगे जाकर खत्म हो जाती है। दूषित पानी खाली प्लॉटों में न फैले, इसलिए पास के ही एक शख्स ने वहां 6 से 7 फीट गहरा गड्ढा खोद दिया था। बारिश और गंदे पानी की वजह से यह गड्ढा मौत का कुआं बन गया, जिसमें डूबकर तीनों मासूमों की सांसें थम गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पचपदरा में रिफाइनरी बनने के बाद से यहां आबादी और मकान तेजी से बढ़े हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने सीवरेज निकासी को लेकर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए। गांव में ऐसे जानलेवा गड्ढे कई जगहों पर बने हुए हैं। पुलिस ने गड्ढा खोदने वाले शख्स को हिरासत में ले लिया है।
पढ़ें ये खबरें
- iPhone 18 series launch: Apple ने पेश किया फोल्डेबल iPhone Duo, iPhone 18 Pro और Pro Max भी लॉन्च, जाने कीमत और फीचर्स
- सिर्फ 200 रुपये के लिए खूनी विवाद, उधार के पैसे नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला
- न सीमेंट कमजोर था, न सरिया… फिर बरेली में कैसे गिरी पानी की टंकी? जानने के लिए पढ़ें जल निगम की रिपोर्ट
- ‘ट्रैफिक गर्ल’ शुभी जैन का पुलिस पर गंभीर सवाल! बोलीं- ‘लेडीज जात’ कहकर की बदसलूकी, पुलिस ही आम जनता से ऐसा व्यवहार करेगी तो कैसे होगा भरोसा?
- Zudio स्टोर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नगदी सहित लाखों का सामान बरामद


