Rajasthan News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की छोटी बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बोलोस के साथ अचानक स्वर्णनगरी जैसलमेर पहुंचीं। उनके आने की खबर मिलते ही पूरे शहर में हलचल मच गई। सुरक्षा का आलम यह था कि आसमान से लेकर जमीन तक परिंदा भी पर नहीं मार सकता था।

ई-गोल्फ कार्ट से पहुंचीं सोनार दुर्ग
रविवार शाम को करीब 5 बजे टिफनी ट्रंप कड़े पहरे के बीच ऐतिहासिक सोनार दुर्ग पहुंचीं। अखे प्रोल से उन्हें और उनके पति को खास बैटरी वाली ई-गोल्फ कार्ट में बैठाकर दुर्ग के ऊपर ले जाया गया। सोनार दुर्ग के राजमहल की छत पर खड़े होकर टिफनी ने दूर तक फैले जैसलमेर शहर को देखा। शाम की धूप में चमकता शहर देखकर वह काफी खुश नजर आईं। उनके साथ भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद रहे।

ऊंट से चूना तैयार होते देख रुकीं
दुर्ग में जब टिफनी घूम रही थीं, तो उन्होंने देखा कि कैसे आज भी प्राचीन तरीके से ऊंट के जरिए निर्माण कार्य के लिए चूना तैयार किया जाता है। दोनों वहां काफी देर रुके और पूरी प्रक्रिया को बहुत ध्यान से समझा।

जैसलमेर फोर्ट पैलेस म्यूजियम के निदेशक देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि टिफनी ने वहां रखीं पुरानी राजसी चीजें, दुर्लभ कलाकृतियां और ऐतिहासिक दस्तावेज देखे। पूर्व राजघराना सदस्य चैतन्यराज सिंह ने उनका स्वागत किया। वहीं, कला-संस्कृति के जानकार विजय बल्लाणी ने उन्हें किले के इतिहास और इसकी मजबूत सुरक्षा के बारे में पूरी जानकारी दी।
जैसलमेर में एयर डिफेंस सिस्टम तैनात

टिफनी ट्रंप की सुरक्षा को लेकर कोई कसर नहीं छोड़ी गई। सिविल एयरपोर्ट से लेकर सम मार्ग पर स्थित सितारा होटल तक सिर्फ बुलेटप्रूफ गाड़ियां ही नजर आ रही थीं। भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ अमेरिकी खुफिया एजेंसी के लोग भी चप्पे-चप्पे पर तैनात रहे। होटल के बाहर और एयरपोर्ट पर एयर डिफेंस सिस्टम आकाश तक को एक्टिव रखा गया था।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया

