Rajasthan News: बूंदी मेडिकल कॉलेज का बॉयज हॉस्टल इन दिनों पढ़ाई की जगह विवाद का अड्डा बन गया है। मामला इतना बढ़ गया कि जिला प्रशासन को बीच-बचाव के लिए उतरना पड़ा। कॉलेज में रैगिंग के गंभीर आरोपों के बाद हड़कंप मच गया है।

क्या हुआ हॉस्टल में?
जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हॉस्टल में छात्रों के दो गुट आपस में भिड़ गए। आरोप है कि सीनियर छात्र काफी समय से जूनियरों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। एक पीड़ित छात्र ने साफ आरोप लगाया है कि जब उसने विरोध किया, तो उसे निशाना बनाया गया और बुरी तरह पीटा गया। मारपीट में चोट लगने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।
जांच के लिए बनी कमेटी, पुलिस भी अलर्ट
मामला तूल पकड़ता देख जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने सख्ती दिखाई है। प्रशासन के निर्देश पर कॉलेज ने एक अनुशासनात्मक समिति बनाई है। वहीं, हिंडोली पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। सहायक उपनिरीक्षक मणिराज मीणा का कहना है कि हर एक छात्र का बयान दर्ज किया जा रहा है।
मामले की सूचना मिलते ही डॉ. बालकृष्ण शर्मा और डॉ. विशाल यादव फौरन मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से लंबी पूछताछ की है। साफ है कि हॉस्टल में अनुशासन से समझौता नहीं किया जाएगा।
कॉलेज प्रशासन का सफाई देने वाला बयान
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल चंदेल ने इस विवाद को आपसी झगड़ा बताया है। उनका कहना है कि पहली नजर में यह रैगिंग का केस नहीं लगता। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि रैगिंग जैसा कुछ भी बर्दाश्त नहीं होगा। अगर जांच में कोई दोषी पाया गया, तो कॉलेज प्रशासन सख्त एक्शन लेने में पीछे नहीं हटेगा।
फिलहाल, पीड़ित छात्र का इलाज हो चुका है और वह हॉस्टल लौट आया है। लेकिन इस घटना ने मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सबकी नजरें अनुशासनात्मक समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं कि क्या सच में रैगिंग हुई थी या फिर यह महज एक आपसी रंजिश का नतीजा था।
पढ़ें ये खबरें
- सिर्फ 200 रुपये के लिए खूनी विवाद, उधार के पैसे नहीं देने पर युवक पर चाकू से हमला
- न सीमेंट कमजोर था, न सरिया… फिर बरेली में कैसे गिरी पानी की टंकी? जानने के लिए पढ़ें जल निगम की रिपोर्ट
- ‘ट्रैफिक गर्ल’ शुभी जैन का पुलिस पर गंभीर सवाल! बोलीं- ‘लेडीज जात’ कहकर की बदसलूकी, पुलिस ही आम जनता से ऐसा व्यवहार करेगी तो कैसे होगा भरोसा?
- Zudio स्टोर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, नगदी सहित लाखों का सामान बरामद
- क्या आप भी कर रहे थे स्पेशल TET का इंतजार? 3 नवंबर की तारीख डायरी में कर लें नोट, इस बार चूक गए तो…


