Rajasthan News: राजस्थान के अजमेर से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने न सिर्फ आम आदमी बल्कि आयकर विभाग के भी होश उड़ा दिए हैं। यहां रामनगर इलाके में ठेला लगाकर लोगों के कपड़े प्रेस करने वाले एक साधारण से शख्स जितेंद्र बाड़ोलिया को इनकम टैक्स ने 598 करोड़ रुपये के लेनदेन का नोटिस थमाया है। नोटिस देखते ही जितेंद्र की हालत इतनी बिगड़ गई कि उनका शुगर लेवल 500 के करीब पहुंच गया है।

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, जितेंद्र बाड़ोलिया अपनी छोटी सी दुकान से जैसे-तैसे परिवार का गुजारा करते हैं। लेकिन जब उन्हें करोड़ों के ट्रांजेक्शन का नोटिस मिला, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बताया जा रहा है कि जितेंद्र का पैन कार्ड करीब 2 साल पहले खो गया था। सूत्रों के अनुसार, इसी गुम हुए पैन कार्ड का फायदा उठाकर जालसाजों ने सूरत (गुजरात) में मैसर्स मनन इंटरप्राइजेज नाम की फर्म खोल ली। इस फर्म के जरिए सिर्फ 3 महीनों के भीतर 598 करोड़ रुपये का मोटा लेनदेन किया गया।
हीरे-जवाहरात के कारोबार का खेल
मिली जानकारी के मुताबिक, इनकम टैक्स के इस नोटिस में हीरे-जवाहरात से जुड़े ट्रांजेक्शन का जिक्र है। जितेंद्र के वकील राकेश ठाडा ने बताया कि किसी ने उनके दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल कर जीएसटी नंबर भी जारी करवा लिया था। जांच में पाली के एक डायमंड कारोबारी का नाम सामने आ रहा है, जिसने जितेंद्र के नाम पर फर्जीवाड़ा कर करोड़ों का काला धन इधर-उधर किया।
बैंक मैनेजर भी रडार पर
गौरतलब है कि इस मामले में अब आयकर विभाग ने संबंधित बैंक मैनेजर को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। विभाग ने कड़ा सवाल पूछा है कि आखिर इतने बड़े ट्रांजेक्शन होने पर समय रहते इसकी जानकारी क्यों नहीं दी गई?
पुलिस ने शुरू की छानबीन
जितेंद्र ने अब इस मामले की शिकायत गंज थाना पुलिस में दर्ज कराई है। पुलिस अब उस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है, जिसने एक गरीब आदमी के दस्तावेजों के साथ इतना बड़ा खेल किया। जितेंद्र का कहना है कि उन्होंने डर के मारे खाना-पीना छोड़ दिया है और उनकी जान पर बन आई है।
पढ़ें ये खबरें
- कैंसर मुक्त भविष्य की ओर कदम: विशेष HPV टीकाकरण सप्ताह शुरू, 14 साल की बेटियों को लगेगा निःशुल्क जीवनरक्षक टीका
- रक्षाबंधन पर CM रेखा गुप्ता लॉन्च करेंगी दिल्ली लक्ष्मी योजना, महिलाओं को हर महीने मिलेंगे ₹2,500
- छत्तीसगढ़ में 5 नए मेडिकल कॉलेज को मंजूरी : स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी ने कहा – डॉक्टर बनने का सपना देखने वाले बच्चों के लिए खुला रास्ता
- दतिया में भावुक हुए नरोत्तम मिश्रा: सभा को संबोधित करते समय छलक पड़े आंसू, बीच में ही रोकना पड़ा भाषण, वीडियो आया सामने
- ‘घर की मुर्गी’ से लेकर महापौर की ‘गुमशुदगी’ तक… इंदौर के मंच से कैलाश विजयवर्गीय ने ये क्या कह दिया?
