Rajasthan News: कोटा के एमबीएस अस्पताल में शुक्रवार दोपहर को इलाज में कोताही के आरोप लगाकर दो मरीजों के घरवालों ने जमकर तांडव मचाया। उन्होंने न सिर्फ वार्ड में तोड़फोड़ की, बल्कि ड्यूटी पर तैनात रेजिडेंट डॉक्टरों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।

नौबत यहां तक आ गई कि डॉक्टरों के कपड़े तक फाड़ दिए गए। जान बचाने के लिए डॉक्टर बाथरूम में छिपे, तो वहां भी दरवाजा तोड़कर हमला किया गया। गुस्साए लोग दोनों शवों को बेड समेत उठाकर अस्पताल के बाहर मुख्य सड़क पर ले आए और चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक पूरे नयापुरा इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
टोंक का रहने वाला किशन (25) और बूंदी का मदन लाल (55) गंभीर हालत में भर्ती थे। किशन के भाई शिवा ने बताया कि सुबह भाई ने जूस पीया था और दोपहर 12 बजे वीडियो कॉल पर बात भी की थी। परिजनों का आरोप है कि जांच के नाम पर डॉक्टरों ने एक इंजेक्शन लगाया, जिसके तुरंत बाद किशन तड़पने लगा। जब डॉक्टरों से पूछा तो वे बेड छोड़कर भाग खड़े हुए।
किशन को 2 मई को सवाई माधोपुर में एक्सीडेंट के बाद टिटनेस हो गया था। वहीं मदन लाल पेट में सूजन और सांस की तकलीफ के कारण गुरुवार रात ही कोटा लाया गया था।
बाथरूम का दरवाजा तोड़कर हमें मारा
ड्यूटी पर मौजूद रेजिडेंट डॉ. प्रियांक ने आपबीती बताते हुए कहा कि दोनों मरीजों की हालत रात से ही नाजुक थी। अचानक किशन की धड़कन रुकने लगी, तो हम उसे सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश कर रहे थे। इसी बीच 20 से 30 लोग लाठी-डंडे लेकर वार्ड में घुस आए। उन्होंने बिना कुछ सुने हमला कर दिया।
छावनी बना अस्पताल
मरीजों की मौत के बाद गुस्साए परिजन शवों को सड़क पर ले आए। इसके बाद नयापुरा मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम सिटी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। काफी समझाइश के बाद शवों को मोर्चरी भिजवाया गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. धर्मराज मीणा ने बताया कि दोनों मरीज बेहद गंभीर थे। डॉक्टरों को मृत घोषित करने का मौका भी नहीं दिया गया और हमला कर दिया। प्रदर्शन के दौरान डॉक्टरों को गोली मारने की धमकी भी दी गई है।
रेजिडेंट्स ने ठप किया काम, हड़ताल की चेतावनी
नयापुरा थाने में अस्पताल प्रशासन की तरफ से एफआईआर दर्ज करा दी गई है। इस घटना के विरोध में रेजिडेंट डॉक्टरों ने तुरंत काम बंद कर दिया है, जिससे अस्पताल की व्यवस्था चरमरा गई है। सीनियर डॉक्टरों और इंटर्न को मोर्चे पर लगाया गया है।
रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. हेमंत शर्मा ने साफ कहा है कि अगर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पूरे संभाग में डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
पढ़ें ये खबरें
- कर्नाटक कैबिनेट विस्तार 2026: कांग्रेस ने 20 मंत्रियों को दी मंजूरी, गायत्री शांतेगौड़ा सूची में एकमात्र महिला मंत्री
- सावन का पहला सोमवार : हटकेश्वर नाथ मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, महाभंडारे में भक्तों ने किया प्रसाद ग्रहण
- Bankipur Bypoll: 24वें राउंड में प्रशांत किशोर 13,868 वोटों से आगे, जश्न में डूबे कार्यकर्ता
- JPSC-JSSC परीक्षा विवाद: बारिश के बीच भी धरने पर डटे अभ्यर्थी, CBI जांच की मांग
- रायपुर में 5 अगस्त को लगेगा रोजगार मेला, 137 पदों पर होगी भर्ती, 10वीं पास से लेकर आईटीआई, इंजीनियरिंग और नर्सिंग पास अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

