Rajasthan News: राजस्थान के सबसे बड़े इंडस्ट्रियल हब भिवाड़ी में आज मंगलवार को हालात बिगड़ते नजर आ रहे हैं। बालकिशन इंडस्ट्री लिमिटेड के बाहर सैकड़ों मजदूरों ने मोर्चा खोल दिया है, जिससे पूरे इलाके में कामकाज पूरी तरह ठप हो गया है।

क्यों भड़का मजदूरों का गुस्सा?
ग्राउंड सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मजदूर लंबे समय से वेतन बढ़ोतरी की राह देख रहे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आसमान छूती महंगाई में पुराने वेतन पर घर चलाना अब मुमकिन नहीं रह गया है। श्रमिकों की मांग है कि बढ़ती महंगाई को देखते हुए तत्काल सैलरी बढ़ाई जाए। मैनेजमेंट की ओर से अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। आस-पास की फैक्ट्रियों में भी इस आंदोलन की धमक सुनाई दे रही है।
12 घंटे की ड्यूटी से सेहत पर संकट
दरअसल, प्रदर्शन कर रहे मजदूरों ने कंपनी मैनेजमेंट पर शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। श्रमिकों का कहना है कि उनसे जबरन 12-12 घंटे काम लिया जा रहा है, जबकि नियम के मुताबिक ड्यूटी सिर्फ 8 घंटे की होनी चाहिए। मजदूरों का तर्क है कि लगातार ओवर टाइम और लंबी शिफ्ट की वजह से उनकी सेहत बिगड़ रही है और वे अपने परिवार को समय भी नहीं दे पा रहे हैं।
महिलाओं ने खोली बुनियादी सुविधाओं की पोल
गौरतलब है कि इस आंदोलन में महिला श्रमिकों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने बताया कि फैक्ट्री के अंदर पीने के पानी, कैंटीन और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी है। महिलाओं का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद मैनेजमेंट ने इस ओर ध्यान नहीं दिया, जिससे अब सब्र का बांध टूट गया है।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात
फिलहाल फैक्ट्री के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है, लेकिन मजदूरों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक वेतन वृद्धि और शिफ्ट के घंटों पर लिखित समझौता नहीं होता, तब तक यह धरना खत्म नहीं होगा।
पढ़ें ये खबरें
- ‘पीछे चलने वाले नहीं, रास्ता बनाने वाले बनो’ पंकज चौधरी का बड़ा बयान, बोले- ‘नैरेटिव फॉलोअर नहीं, नैरेटिव सेटर बनिए’
- कटनी में कुदरत का कहर! तेंदुआ मृत मिला, बिजली गिरने से 8 बकरियों की मौत, चरवाहा झुलसा
- नशे के खिलाफ सड़क पर उतरेगा रायपुर, MYFM की जागरूकता रैली से शुरू होगा ‘D-Negative आजादी नशे से’ अभियान
- भारत-रूस के बीच 105 विमानों की डील! UDAN योजना को मिलेगी नई उड़ान, देश में ही होगा निर्माण
- दरभंगा में पुलिस टीम पर हमला, शराब कारोबारी को छुड़ाने के लिए ट्रैक्टर और जेसीबी का इस्तेमाल


