Rajasthan News: राजस्थान से लगती पाकिस्तान की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अब सुरक्षा का पूरा ढांचा बदलने जा रहा है। परसों बीकानेर आए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दौरे के बाद बॉर्डर को अभेद्य किला बनाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। अब सीमा की रखवाली सिर्फ हथियारों से नहीं, बल्कि एक नए चतुष्कोणीय सुरक्षा ग्रिड से होगी। यानी अब बीएसएफ, सेना, स्थानीय जनता और जिला प्रशासन मिलकर दुश्मनों को करारा जवाब देंगे।

बॉर्डर से 15 किमी तक हटेगा अवैध निर्माण
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बीकानेर में पांचों बॉर्डर जिलों के कलेक्टर और एसपी के साथ एक बड़ी बैठक की। सूत्रों के हवाले से खबर है कि शाह ने सीमा से 15 किलोमीटर के दायरे में चल रहे सभी अवैध निर्माणों को तुरंत गिराने का सख्त हुक्म दिया है। घुसपैठ और ड्रग्स की तस्करी रोकने के लिए अब बीएसएफ, एनसीबी और राज्य की जांच एजेंसियां मिलकर काम करेंगी। संदिग्ध फंडिंग, फर्जी शेल कंपनियों और नकली आधार कार्ड के नेटवर्क को पूरी तरह तबाह करने की जिम्मेदारी जिला कलेक्टरों को सौंपी गई है।
6 महीने में लगेगा एंटी-ड्रोन सिस्टम
पाकिस्तान की तरफ से होने वाली ड्रोन वाली साजिशों को नाकाम करने के लिए बॉर्डर को पूरी तरह हाईटेक बनाया जा रहा है। अगले 6 महीने के भीतर पूरी अंतरराष्ट्रीय सीमा पर ड्रोन रोधी सिस्टम काम करना शुरू कर देगा। इसके साथ ही बॉर्डर पर नए डिजाइन की कटीली तारें (फेंसिंग) लगाई जा रही हैं। जवानों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए 1096 किलोमीटर लंबी लिटरल रोड और 520 किलोमीटर लंबी एक्ससीएल रोड का जाल बिछाया जा रहा है।
आखिरी गांव नहीं, अब देश की पहली सुरक्षा लाइन
वाईब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत श्रीगंगानगर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर और फलौदी के 184 खास गांवों को चुना गया है। इन गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए हर गांव पर करीब 3 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यहां सड़क, बिजली, मोबाइल नेटवर्क, टीवी कनेक्टिविटी और रोजगार के साधन बढ़ाए जाएंगे ताकि ये गांव देश की पहली सुरक्षा दीवार बन सकें। इसके साथ ही राज्य सरकार भी मुख्यमंत्री थार सीमा विकास कार्यक्रम के तहत 1206 गांवों में बिजली-पानी के बुनियादी काम करवा रही है।
पढ़ें ये खबरें
- 10 सितंबर महाकाल भस्म आरती: त्रिपुंड और चंद्र से बाबा का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए दर्शन
- 10 September 2026 Rashifal: भाद्रपद के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि आज, जानिए अपना राशिफल
- जीवन सूक्त : जैसा परिवेश, वैसा भेष – संदीप अखिल
- Ayodhya Ramlala Aarti Live Darshan 10 September: श्री रामलला सरकार का दिव्य श्रृंगार, यहां कीजिए अलौकिक दर्शन
- Bihar Morning News: जदयू कार्यालय में जनसुनवाई, AISF का आंदोलन, जन सुराज में शामिल होंगी रूबी राय



