Rajasthan Politics: राजस्थान के चर्चित जल जीवन मिशन (JJM) घोटाले में आज जयपुर की अदालत में जबरदस्त गहमागहमी रही। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने पूर्व मंत्री महेश जोशी और दलाल संजय बड़ाया को आमने-सामने खड़ा कर दिया। कोर्ट में पेशी के दौरान जहां महेश जोशी के तेवर कड़े थे, वहीं संजय बड़ाया काफी भावुक नजर आए।

महेश जोशी जेल पहुंचे, बड़ाया से होगी पूछताछ
एसीबी ने कोर्ट से महेश जोशी की 3 दिन और संजय बड़ाया की 5 दिन की रिमांड मांगी थी। जांच एजेंसी का कहना था कि दोनों को आमने-सामने बिठाकर टेंडर के खेल की परतें खोलनी हैं। हालांकि, कोर्ट ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पूर्व मंत्री महेश जोशी को ज्यूडिशियल कस्टडी भेज दिया है। वहीं, संजय बड़ाया को 3 दिन की एसीबी रिमांड पर सौंपा गया है। अब अगले 72 घंटे संजय के लिए भारी होने वाले हैं।
मैं निर्दोष हूं, पुलिस पर है दबाव
पेशी के वक्त महेश जोशी मीडिया के कैमरों के सामने बिल्कुल नहीं झिझके। उन्होंने सीधे तौर पर सरकार और जांच एजेंसी पर हमला बोला। जोशी ने कहा, एसीबी पूरी तरह राजनीतिक दबाव में काम कर रही है। मैं बेकसूर हूं और सच की जीत होगी। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जो शख्स कोर्ट की परमिशन लेकर विदेश गया था, उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी करना ही बताता है कि मंशा क्या है।
दिल्ली एयरपोर्ट से रात 2 बजे हुआ था एक्शन
बता दें कि संजय बड़ाया को एसीबी की टीम रविवार रात करीब 2 बजे दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लेकर जयपुर आई थी। वह थाईलैंड से लौट रहा था। कोर्ट परिसर में संजय बड़ाया की पत्नी भी मौजूद रहीं। इस दौरान बड़ाया की आंखों में आंसू भी दिखे। एसीबी को शक है कि टेंडर दिलाने के नाम पर जो करोड़ों की हेराफेरी हुई, उसमें बड़ाया ही मुख्य कड़ी है।
राजस्थान की सियासत में भूकंप
महेश जोशी की गिरफ्तारी और अब जेल जाने से प्रदेश की राजनीति उबल रही है। कांग्रेस इसे बदले की कार्रवाई बता रही है, तो बीजेपी का साफ कहना है कि जनता के पैसे की लूट करने वाला कोई भी हो, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। जयपुर के गलियारों में अब बस यही चर्चा है कि रिमांड के दौरान संजय बड़ाया किन-किन बड़े नामों का खुलासा करेगा।
पढ़ें ये खबरें
- रेलवे में नौकरी का झांसा, फर्जी जॉइनिंग लेटर और ट्रेनिंग भी कराई, दो युवतियों से 13 लाख ठगे, एक आरोपी गिरफ्तार
- गोपाल मंडल के भतीजे की गंगा में डूबने से मौत, प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुआ हादसा, पूर्व विधायक ने कहा- सांसद का चुनाव लडूंगा
- धर्मांतरित महिला के शव दफनाने को लेकर बवाल: परिजन और ग्रामीण हुए आमने-सामने, पुलिस ने संभाला मोर्चा
- MP में सवर्ण समाज का बड़ा आंदोलन: यूजीसी रोल बैक और आर्थिक आधार पर आरक्षण समेत कई मांगों को लेकर प्रदर्शन, बाजार बंद का आह्वान
- जूनियर महिला हॉकी एशिया कप: भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में बनाई जगह…


