Rajasthan Politics News: राजस्थान की सियासत में एक बार फिर भूचाल आ गया है। बाड़मेर के शिव विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी आर-पार के मूड में नजर आ रहे हैं। बाड़मेर कलेक्ट्रेट में 19 मई को हुए भारी हंगामे के ठीक 10 दिन बाद सरकार ने भाटी के पीएसओ नखत सिंह को सस्पेंड कर दिया है। इस कार्रवाई से नाराज विधायक ने सरकार को सीधे चुनौती दे दी है।

पूरा सिस्टम फेल, सजा निर्दोष को क्यों?
कलेक्ट्रेट में खुद पर पेट्रोल छिड़कने वाली घटना को लेकर रविंद्र सिंह भाटी ने प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने साफ कहा कि यह उनके पीएसओ की नहीं, बल्कि पूरे सरकारी सिस्टम की नाकामी है। घटना के दिन वहां एसपी, एएसपी, डीएसपी से लेकर भारी पुलिस फोर्स और खुफिया टीमें मौजूद थीं। फिर भी इतना बड़ा वाकया हो गया। भाटी का आरोप है कि बड़े अफसरों ने अपनी नाकामी छुपाने के लिए एक छोटे और निर्दोष कर्मचारी को बलि का बकरा बना दिया है।
हिम्मत है तो मुझसे कबड्डी खेलो
भाटी ने सरकार को ललकारते हुए कहा कि अगर लड़ाई लड़नी है तो सीधे मुझसे लड़ो। मैं आज भी और कल भी कबड्डी खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हूं। पीएसओ सस्पेंड होने के बाद विधायक ने नया सुरक्षाकर्मी लेने से साफ मना कर दिया है। उन्होंने कहा कि अब उनके पास कोई पीएसओ नहीं है अब जनता ही उनकी ढाल बनेगी और वही उनकी सुरक्षा करेगी।
2 महीने से सो रही है सरकार
भाटी ने राज्य सरकार के रामराज्य के दावों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि गिरल में गरीब मजदूर पिछले दो महीने से धरने पर बैठे हैं। एक महीने से वे खुद भी उनके साथ सड़क पर हैं। इसके बावजूद जयपुर में बैठी सरकार गहरी नींद में सोई हुई है। सरकार मजदूरों की मांगें सुनने के बजाय राजनीतिक दुश्मनी निकालने में बिजी है। पहले ओरण आंदोलन के वक्त उनकी सुरक्षा कम की गई और अब पीएसओ को ही सस्पेंड कर दिया गया।
जेल भेजकर हमें दबा नहीं पाओगे
हनुमान बेनीवाल की सुरक्षा हटाए जाने के मुद्दे पर भी भाटी खुलकर बोले। उन्होंने कहा कि आज के दौर में जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाएगा, उस पर मुकदमे दर्ज होंगे और जेल भेजा जाएगा। हमारे पास दो ही रास्ते हैं। या तो बंद कमरे में बैठकर सरकार की माला जपें या फिर जमीन पर उतरकर जनता के हक की लड़ाई लड़ें। भाटी ने साफ कर दिया कि मुकदमों और जेल के डर से वे पीछे हटने वाले नहीं हैं। सरकार की यह बहुत बड़ी गलतफहमी है कि वह डराकर युवाओं और गरीबों की आवाज को दबा देगी।
पढ़ें ये खबरें
- Rajasthan Politics News: सुरक्षा हटने पर रविंद्र भाटी का सरकार को चैलेंज, कहा- राजा सो रहा है, जनता करेगी मेरी रक्षा
- शुभेंदु सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार कल: अधिकतम 44 मंत्रियों की जगह, अभी केवल 6
- गंडक नदी नाव हादसा: तीसरे दिन बरामद हुआ मासूम अन्नया का शव, दो बच्चियों की तलाश अब भी जारी
- पुणे और पिंपरी-चिंचवड़ शराब कांड में 24 की मौत और 22 हुए गिरफ्तार, 21अधिकारियों का भी निलंबन
- जनगणना 2027: मध्यप्रदेश में पहले चरण का टास्क पूरा, 55 जिलों के करीब 55 हजार गांवों में हुआ डोर-टू-डोर सर्वे
