Rajasthan Weather Update: राजस्थान में पिछले दो दिनों से जारी झमाझम बारिश और ठंडी हवाओं का दौर अब थमने वाला है। अगर आप सोच रहे हैं कि मौसम सुहाना बना रहेगा, तो जरा संभल जाइए। मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अगले 3 से 4 दिनों में प्रदेश के तापमान में 3 से 5 डिग्री तक का तगड़ा उछाल आने वाला है। यानी जो राहत अभी मिल रही है, वो बस कुछ ही घंटों की मेहमान है।

शाहपुरा और सीकर में भारी बारिश
पिछले 24 घंटों की बात करें तो पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में जमकर बदरा बरसे। जयपुर के शाहपुरा में तो रिकॉर्ड 68 मिमी बारिश दर्ज की गई है, वहीं सीकर के ग्रामीण इलाकों में भी 31 मिमी पानी गिरने से सड़कें जलमग्न हो गईं। सूत्रों की मानें तो इस बारिश से तापमान में 7 डिग्री तक की गिरावट आई थी, लेकिन अब हवाओं का रुख बदलते ही सूरज की तपिश फिर से बेचैन करेगी।
इन जिलों में आज भी है हल्की फुहारों की संभावना
मौसम केंद्र के मुताबिक, बुधवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। कोटा और उदयपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। भरतपुर और जयपुर संभाग में शाम तक धूलभरी आंधी और हल्की फुहारों के आसार हैं। उदयपुर में यहां मंगलवार को 50 किमी की रफ्तार से चली हवाओं ने बिजली के खंभे तक हिला दिए थे, आज भी यहां बादल छाए रह सकते हैं।
जोधपुर-बीकानेर में लू का रेड अलर्ट
असली मुसीबत 8 मई से शुरू होने वाली है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ते ही राजस्थान का पश्चिमी हिस्सा यानी जोधपुर और बीकानेर संभाग ‘भट्टी’ की तरह तपेगा। 8 से 11 मई के बीच पारा 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। लू के थपेड़े आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित करेंगे, इसलिए प्रशासन ने अभी से लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है।
बालोतरा में ओलावृष्टि से नुकसान की खबर
मंगलवार शाम बालोतरा के समदड़ी कस्बे में जो हुआ, उसने सबको चौंका दिया। करीब आधे घंटे तक हुई ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, अचानक आए इस बदलाव से एक बार तो लगा कि मानसून आ गया है, लेकिन अब विभाग की रिपोर्ट ने चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल उत्तर-पूर्वी राजस्थान में इक्का-दुक्का जगहों पर आंधी चल सकती है, बाकी पूरा प्रदेश अब भीषण गर्मी की चपेट में आने को तैयार है।
पढ़ें ये खबरें
- वर्दी में लापरवाही की हदें पार! नशे में धुत मिले ASI और आरक्षक, लावारिस पड़ी थी राइफल, वीडियो हुआ वायरल
- टाइगर श्रॉफ हमला मामले में बड़ी खबर : तीन आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार, दिल्ली आ रही ट्रेन में थे सवार
- यूपी में नवमी पर मंदिरों में उमड़ी भीड़, CM योगी ने 9 कन्याओं के पैर धोकर लिया आशीर्वाद
- राखीगढ़ी महोत्सव आज से शुरू, 7 दिन तक दिखेगी 5000 साल पुरानी हड़प्पा सभ्यता की झलक
- जमीन से निकला मौत का सामान : नक्सली डंप से टिफिन IED समेत कई विस्फोटक बरामद, CRPF ने किया डिफ्यूज
