Rajasthan Weather Alert: राजस्थान में पिछले एक हफ्ते से हो रही तेज बारिश और ओलों ने मरुधरा के मौसम को पूरी तरह बदल दिया है। चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली लू से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम ऐसा ही सुहाना बना रहेगा।

दरअसल, सूबे में एक और नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस यानी पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो गया है। इसके असर से अगले दो दिन जयपुर, जोधपुर, अजमेर और बीकानेर समेत कई इलाकों में धूलभरी आंधी और जोरदार बारिश देखने को मिलेगी।
70 की रफ्तार से चलेगी आंधी, गिरेगें ओले
मौसम केंद्र ने राज्य के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। जोधपुर, बीकानेर, उदयपुर और अजमेर संभाग में मौसम ज्यादा खराब रह सकता है। वहीं सीकर, चूरू, झुंझुनूं और राजसमंद के लिए येलो अलर्ट जारी है।
मौसम के जानकारों के मुताबिक इन इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। आसमान से ओले भी गिर सकते हैं। इसके असर से अगले 48 घंटों में राज्य का तापमान 3 से 4 डिग्री तक और गिर जाएगा। राहत की बात यह है कि अगले एक हफ्ते तक ज्यादातर शहरों में पारा 43 डिग्री से नीचे ही रहेगा, जिससे लू से पूरी राहत मिलेगी।
जैसलमेर में धूल का गुबार, फलोदी रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटों की बात करें तो पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी हुई है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार शाम को तेज धूलभरी आंधी चली और बाद में हल्के बादल बरसे। इस दौरान सबसे ज्यादा 15 मिलीमीटर बारिश जैसलमेर के रामगढ़ में दर्ज की गई। दूसरी तरफ, फलोदी में अब भी गर्मी का असर है, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
5 जून से फिर बदलेगा मौसम
राहत का यह दौर हमेशा के लिए नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 और 4 जून को इस नए सिस्टम का असर अपने चरम पर होगा। इसके बाद 5 जून से आंधी-तूफान और बारिश का दौर थमने लगेगा। धीरे-धीरे पश्चिमी राजस्थान पूरी तरह सामान्य हो जाएगा और मौसम ‘ग्रीन जोन’ में आ जाएगा। केवल कुछ उत्तरी और मध्य जिलों में ही आंशिक रूप से असर देखने को मिलेगा, जिसके बाद गर्मी अपने पुराने तेवर दिखाना शुरू कर सकती है।
पढ़ें ये खबरें
- पूर्व विधायक शैलेश पांडेय का BJP पर निशाना, कहा- नेताओं में आपस में नहीं बन रही, इसलिए नहीं हो सका बिलासपुर का विकास
- CGPSC भर्ती में गड़बड़ी पर भूपेश बघेल ने उठाए सवाल, कहा- सरकार को करानी चाहिए निष्पक्ष जांच
- कोठी के गरबा में दिखा राज्यमंत्री का अलग अंदाज, प्रतिमा बागरी ने प्रतिभागियों संग किया डांडिया नृत्य
- ग्रेटर नोएडा केस: पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सगी बहन-बहनोई गिरफ्तार, 5 मौतों का गुनहगार कौन?
- MP में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 4 IAS अफसरों का तबादला, जानिए किसे कहां भेजा गया
