राकेश कथूरिया, कैथल. कलायत, हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य विभाग के मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने शनिवार को कलायत स्थित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में राजौंद व कलायत क्षेत्र के लोगों तथा पदाधिकारियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान पूर्व मंत्री श्रीमती कमलेश ढांडा भी मौजूद रहीं।

मंत्री रणबीर गंगवा ने राजौंदवासियों की मांग पर बड़ा निर्णय लेते हुए कहा कि राजौंद में करीब साढ़े तीन करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली लगभग दो किलोमीटर लंबी सड़क अब ब्लॉक की बजाय तारकोल से बनाई जाएगी। उन्होंने मौके पर ही संबंधित विभाग के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर आगामी एक सप्ताह में सड़क निर्माण का कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क का निर्माण कार्य तेज गति से पूरा किया जाए और निर्माण की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

उन्होंने बताया कि 10 हजार या इससे अधिक आबादी वाले गांवों को महाग्राम योजना के तहत शामिल किया गया है। प्रदेश के करीब 150 गांव इस योजना के अंतर्गत आते हैं, जिनमें राजौंद भी शामिल है। महाग्राम योजना के तहत शहरों की तर्ज पर सीवरेज, पेयजल सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने का कार्य किया जा रहा है। राजौंद में भी सीवरेज व्यवस्था बिछाई गई है।

उन्होंने कहा कि सीवरेज कार्य के बाद मिट्टी के बैठने की संभावना को देखते हुए प्रारंभ में सड़क को ब्लॉक से बनाने का निर्णय लिया गया था, ताकि भविष्य में सड़क को नुकसान होने पर आवश्यकतानुसार मरम्मत की जा सके। लेकिन राजौंदवासियों और पूर्व मंत्री कमलेश ढांडा की मांग को ध्यान में रखते हुए अब सड़क को तारकोल से बनाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण का कार्य एक सप्ताह के अंदर शुरू करवा दिया जाएगा।

प्रदेश में 30 हजार 717 किलोमीटर सड़कों का रखरखाव कर रहा लोक निर्माण विभाग

मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग द्वारा पूरे हरियाणा में करीब 30 हजार 717 किलोमीटर सड़कों का रखरखाव किया जा रहा है। इनमें से 16 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों का पैचवर्क एजेंसियों के माध्यम से करवाया जा रहा है। यदि कोई एजेंसी निर्धारित कार्य नहीं करती है तो उसकी बैंक गारंटी को कैश करवाकर विभाग द्वारा कार्य करवाया जाता है। उन्होंने बताया कि छह किलोमीटर वाली सड़कों को कारपेटिंग के लिए शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क नेटवर्क को लगातार मजबूत किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो। हरियाणा के 23 जिले नेशनल हाईवे से जुड़े हुए हैं और प्रदेश की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है।

सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा योजनाओं का लाभ

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य हुए हैं। देश में सड़कों का विस्तार, नए एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विकास किया गया है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जा सके। सेवा सेतु अभियान के तहत सभी ब्लॉकों में अंत्योदय मेलों का आयोजन किया जा रहा है। सरकार एवं प्रशासन गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को योजनाओं का लाभ देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। अभियान को सफल बनाने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण का संदेश दिया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को कहा कि वह ज्यादा से ज्यादा पौधे लगाए क्योंकि पौधे हमें ऑक्सीजन देते हैं और जो कि हमारे जीवन के लिए काफी महत्वपूर्ण है।