लखनऊ. उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने जेपीएनआईसी (जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर) को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने आरोप लगाया कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बनी परियोजना (JPNIC) में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ और इसकी नैतिक जिम्मेदारी अखिलेश यादव को लेनी चाहिए.
बुधवार को एक्स पर पोस्ट कर ओम प्रकाश राजभर ने लिखा, “मित्र अखिलेश जी, उम्मीद करता हूं कि आप ठीक ही होंगे. आज सुबह-सुबह मैं काम से घर से निकला तो थोड़ी दूर जाते ही जेपीएनआईसी दिखाई दिया. अचानक लोकनायक जयप्रकाश जी का चेहरा मेरी आंखों के सामने आ गया. फिर दिमाग में आपका ख्याल आया. जानते हैं क्यों, सुनिए-
इसे भी पढ़ें : राम मंदिर चढ़ावा गबन : अखिलेश बोले- भाजपा सरकार ने अपनी धार्मिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक और आर्थिक विश्वसनीयता खो दी है
राजभर ने आगे लिखा कि उन्हें लगा जैसे लोकनायक जयप्रकाश नारायण स्वर्ग में बैठकर यह सोच रहे होंगे कि उनके नाम पर राजनीति करने वालों ने उनके नाम पर इमारत बनाकर करोड़ों नहीं बल्कि अरबों रुपये डकार लिए. राजभर ने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या इसी समाजवादी की नींव डालने के लिए उन्होंने अपना जीवन आंदोलन के लिए झोंक दिया था?”
राजभर ने आरोप लगाया कि कम से कम लोकनायक जयप्रकाश नारायण के नाम पर बनने वाली इमारत में तो घोटाला नहीं होना चाहिए था. उन्होंने दावा किया “एक बिल्डिंग उनके नाम पर बना रहे थे, कम से कम उसे तो बख्श देते. उनके नाम पर भी 200 करोड़ की बिल्डिंग का काम आपने 860 करोड़ में कराया. बिल्डिंग भी पूरी नहीं बनाई.” उन्होंने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा, “यकीन मानिए, जयप्रकाश नारायण जी की पुण्यात्मा का ही श्राप है कि आप नौ साल से सत्ता से बाहर हैं और आगे भी दोबारा कभी सत्ता में नहीं आएंगे.”
इसे भी पढ़ें : CM योगी ने सपा-कांग्रेस पर बोला हमला, कहा- ये लोग बाबरी ढांचे पर घड़ियाली आंसू बहाते थे और…
राजभर ने लोकनायक जयप्रकाश नारायण को श्रद्धेय, आदरणीय और पूजनीय बताते हुए कहा कि उनके नाम पर भ्रष्टाचार करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने लिखा, “लोकनायक जयप्रकाश जी श्रद्धेय हैं, आदरणीय हैं, पूजनीय हैं. उनके नाम पर भ्रष्टाचार, छी.” उन्होंने कहा, “उम्मीद करते हैं कि भ्रष्टाचार की इमारत को जब-जब आप निहारेंगे, तब-तब आप ऊपर से शांत भले दिखें, लेकिन अंदर-अंदर ग्लानि और पछतावा जरूर होगा. पूर्वजों का सम्मान कीजिए, उनके नाम पर भ्रष्टाचार अच्छी बात नहीं है.” राजभर ने अंत में लिखा, “उम्मीद है मेरी तरह आप भी कभी न कभी गोमती नदी के किनारे से गुजरते हुए जब कभी जेपीएनआईसी को देखेंगे, आपको अपना पाप जरूर झकझोरेगा.”

