सुल्तानपुर। उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को सुल्तानपुर में 819 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 99 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण और विपक्ष के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि रामभक्तों के सहयोग से बने भव्य राम मंदिर को सपा और कांग्रेस पचा नहीं पा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष अयोध्या और राम जन्मभूमि को बदनाम करने का अभियान चला रहा है।
बाबरी ढांचे पर घड़ियाली आंसू बहाते थे
जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राम मंदिर से जुड़े मामले में ट्रस्ट के अनुरोध पर एसआईटी का गठन किया गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष लगातार अयोध्या की छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि जो लोग रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे और बाबरी ढांचे पर घड़ियाली आंसू बहाते थे, वे आज आस्था पर उपदेश दे रहे हैं।
ये नागरिकता कानून का विरोध करते रहे
मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि ये दल वक्फ कानून और नागरिकता कानून का विरोध करते रहे हैं तथा चाहते हैं कि वक्फ के नाम पर लूट जारी रहे। उन्होंने कहा कि पहले विकास का पैसा कब्रिस्तानों की बाउंड्री वॉल पर खर्च होता था, जबकि आज वही धन धार्मिक स्थलों के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं पर लगाया जा रहा है।
READ MORE: रामभक्तों के नाम चंपत राय ने लिखी पाती, कहा- SIT की अंतिम रिपोर्ट के बाद दूंगा हर सवाल का जवाब
योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था और विकास के मुद्दे पर भी पूर्ववर्ती सरकारों को घेरा। उन्होंने कहा कि पहले माफिया और गुंडों का बोलबाला था, जबकि वर्तमान सरकार ने 64 हजार एकड़ से अधिक सरकारी जमीन को अवैध कब्जों से मुक्त कराया है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित कर रही है और सुल्तानपुर में नर्सिंग कॉलेज की आधारशिला भी रखी गई है, जिससे युवाओं, विशेषकर बेटियों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
READ MORE: सपा नेता पवन पांडे ने अखिलेश के खिलाफ ‘फेक वीडियो’ वायरल करने वालों पर FIR की मांग, राम मंदिर ट्रस्ट पदाधिकारियों पर भी उठाए सवाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, अयोध्या फोरलेन और अन्य सड़क परियोजनाओं से सुल्तानपुर की कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। साथ ही पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर विकसित किए जा रहे औद्योगिक क्लस्टर से स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने बताया कि राज्य में खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है और ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधे डिप्टी एसपी जैसे पदों पर नियुक्ति दी गई है।
READ MORE: आईआईटी दिल्ली के सहयोग से यूपी में बड़े पैमाने पर लगेंगे बायोगैस संयंत्र, हर जिले में बनेगा मॉडल विलेज
कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने महिलाओं को पोषण पोटली वितरित की और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें स्कूल बैग और चॉकलेट भी वितरित किए। इस अवसर पर प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

