लखनऊ. समाजवादी पार्टी में फूट के दावे के बीच सुभासपा अध्यक्ष और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने एक और दावा किया है. उन्होंने सपा के एक नेता की ओर इशारा करते हुए उन्हें ही बगावत करने वाले सांसदों का नेतृत्व करता बताया है. उनका इशारा बलिया सांसद सनातन पांडेय की तरफ था. राजभर के मुताबिक सांसद पार्टी से नाराज चल रहे हैं. राजभर ने कहा कि बागी बलिया का लाल बहुत आहत है.
राजभर ने एक्स पर लिखा कि ‘कल से सब पूछ रहे हो कि सपा में क्या टूट होने वाली है? तो सुनो! सपा के बागी सांसदों के गुट का नेतृत्व उत्तर प्रदेश की ‘बागी भूमि’ का एक लाल करेगा. और करे भी क्यों न? कल जिस तरह से सपा कार्यालय में सम्मेलन के नाम पर ब्राह्मणों को तिरस्कृत किया गया, उससे ‘बागी बलिया’ का लाल बहुत आहत है. योजना पहले से थी लेकिन कल कि घटना ने आग में घी डालने का काम कर दिया है. टूट होकर रहेगी. मेरी एक प्रतिक्रिया पर जिस तरह से पूरा सैफई खानदान मुझे गाली देने और सफाई देने में जुट गया, उससे ज्यादा बेहतर है कि अखिलेश बाबू ट्विटर, ऐसी और पीसी वाली नेतागिरी छोड़कर अब सांसद बचाओ अभियान शुरू कर दें. और दुखी एवं निराश सांसदों के घर जाकर उनसे माफी मांगे.’
इसे भी पढ़ें : अरे वो, सपाई लोडरों! तुम्हें क्या लगा भूल गया? ओपी राजभर ने क्राइम का डाटा शेयर कर साधा निशाना, जानिए क्या कहा?
दूसरी ओर राजभर के बयान को सनातन पांडेय ने नकार दिया है. उन्होंने कहा कि यदि मैं समाजवादी पार्टी से बागी हुआ तो सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लूंगा. समाजवादी पार्टी ने ही हमको सब-कुछ दिया है. दुनिया की कोई ताकत हमें सपा से कोई अलग नहीं कर सकती है. पांडेय ने कहा कि मुझे ये सभी बातें हंसी वाली लगती हैं. मैंने कभी नहीं सोचा था कि कोई मेरे बारे में ऐसी बातें कहेगा. मुझे समझ नहीं आ रहा कि इसका क्या जवाब दूं. अब तक समाजवादी पार्टी ने मुझे विधायक और सांसद बनने का मौका दिया, लेकिन अब राजभर ने मुझे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर कर दिया है.

