उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना एक वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए हैं. उन्नाव में शनिवार को आयोजित एक शैक्षिक संगोष्ठी के दौरान राष्ट्रगान बजने के बीच उनके गाड़ी की ओर जाने का वीडियो सामने आया है. वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं. इसी बीच यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने निशाना साधा है.

गौतम ने एक्स पर लिखा कि ‘संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों का अपमान करना ही भाजपा और आरएसएस का असली चरित्र है. उन्नाव में उत्तर प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष सतीश महाना ने जो किया, वह इसका जीता-जागता प्रमाण है. राष्ट्रगान बज रहा था, लेकिन वे बीच में ही उसे छोड़कर अपनी गाड़ी में जाकर बैठ गए. यह सीधे तौर पर देश का घोर अपमान है!’

इसे भी पढ़ें : आखिर राष्ट्रगान के दौरान बीच में क्यों निकल गए सतीश महाना? जानिए उन्नाव के घटनाक्रम का पूरा सच

‘विपक्ष पर झूठे मुकदमे लादने वाली उन्नाव पुलिस क्या सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का मुकदमा दर्ज करने की हिम्मत दिखाएगी? बात-बात पर दूसरों को देशभक्ति का सर्टिफिकेट बांटने वाली भाजपा अपने नेता की इस शर्मनाक हरकत पर मौन क्यों है? जो लोग 52 सालों तक अपने मुख्यालय पर तिरंगा नहीं फहरा सके और 15 अगस्त को भी तिरंगे की जगह अपनी पार्टी का झंडा फहराते हैं, उनसे देश के सम्मान की क्या ही उम्मीद की जा सकती है!’