मोहित भावसार, शाजापुर/शुजालपुर। जब कानून के रखवाले ही भक्षक बन जाएं, तो आम जनता इंसाफ की गुहार किससे लगाए? मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के ग्राम इकलेरा से खाकी को दागदार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ पट्टे की जमीन पर प्लॉट के विवाद को लेकर शाजापुर जिला मुख्यालय में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (ASI) दिलीप कुंभकार ने सरेआम अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस गोलीकांड में गोली लगने से एक बेकसूर युवक की इलाज के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 से 4 लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
ये भी पढ़ें: महाकाल मंदिर में अफरा-तफरी; 10 से ज्यादा श्रद्धालु अस्पताल में भर्ती, जानिए किस वजह से मची भगदड़?
प्लॉट विवाद में अंधाधुंध फायरिंग, बेकसूर दीपक ने तोड़ा दम
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विवाद राजगढ़ जिले के इकलेरा गाँव में पट्टे की जमीन पर प्लॉट को लेकर हुआ था। गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल इकलेरा निवासी दीपक मोहबे को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों का स्पष्ट कहना है कि मृतक दीपक का इस जमीन विवाद से दूर-दूर तक कोई लेना-देना नहीं था। वारदात में घायल संतोष और अन्य लोगों को शाजापुर जिले के शुजालपुर सिविल अस्पताल लाया गया, जहां गंभीर हालत को देखते हुए एक घायल को ICU में रखा गया है।
घायल संतोष का कहना है कि उन्होंने पट्टे के प्लॉट विवाद को लेकर पहले ही पुलिस चौकी में आवेदन दिया था, लेकिन समय रहते पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रविवार को जब वे प्लॉट पर पहुंचे, तो विवाद और झूमाझटकी के बीच आरोपी ASI दिलीप कुंभकार ने अपनी पिस्टल निकालकर गोलियां चला दीं।
ये भी पढ़ें: घर में चला रहे हैं दुकान तो हो जाएं सावधान! 5800 प्रतिष्ठानों को नोटिस, 24 घंटे में सील होंगी दुकानें
आरोपी ASI राउंड-अप, शुजालपुर पहुंची राजगढ़ पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही राजगढ़ जिले की पुलिस टीम शुजालपुर पहुँची और आरोपी ASI दिलीप कुंभकार को हिरासत में ले लिया है। मृतक दीपक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शुजालपुर मंडी सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


