वीरेंद्र कुमार/राजगीर/नालंदा। पिकनिक मनाने रजरप्पा (झारखंड) गए नालंदा जिले के एक युवक की संदेहास्पद स्थिति में मौत हो गई है। मृतक की पहचान राजगीर थाना क्षेत्र के पिलखी गांव निवासी 38 वर्षीय सोनू रविदास के रूप में हुई है। वह अपने 20-25 साथियों के साथ टूरिस्ट बस से यात्रा पर निकले थे, लेकिन उनकी मौत ने परिवार को गहरा सदमा पहुंचाया है। घटना के बाद परिजनों ने साजिश और जहरखुरानी की आशंका जताई है।
होटल में खाना खाने के बाद बिगड़ी स्थिति
परिजनों और साथ गए साथियों के अनुसार, सोनू बुधवार को राजगीर से रजरप्पा के लिए निकले थे। रात करीब 11:30 बजे तक सब कुछ सामान्य था। रास्ते में बरही के पास स्थित शिवम होटल में पूरा ग्रुप रुका और खाना खाया। मुन्ना शर्मा नामक साथी ने बताया कि ग्रुप के सभी 25 लोगों ने वहीं भोजन किया था, लेकिन खाना खाने के कुछ ही देर बाद अचानक सोनू की तबीयत बिगड़ने लगी। रात 1:30 बजे के करीब परिजनों को इस दुखद सूचना की जानकारी मिली।



अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
सोनू के साढ़ू वीरेंद्र कुमार रवि सूचना मिलते ही तुरंत बाइक से बरही सदर अस्पताल पहुंचे। वहां सोनू को प्राथमिक उपचार और ऑक्सीजन दी गई, जिससे कुछ समय के लिए उन्हें राहत महसूस हुई। हालांकि, डॉक्टरों ने उनके पेट के फूलने और शरीर में नशीला पदार्थ होने के संकेत दिए। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
परिजनों का दावा है कि सोनू के मुंह से झाग निकल रहा था, जो जहरखुरानी की घटना की ओर इशारा करता है। मृतक राजगीर में एक डॉक्टर के पास कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे और अपने पीछे 10 वर्षीय पुत्र लाला कुमार को छोड़ गए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
घटना की सूचना मिलते ही राजगीर पुलिस सक्रिय हो गई। राजगीर थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि चूंकि घटना झारखंड के बरही इलाके में हुई है, इसलिए वहां की स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय किया जा रहा है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर बिहारशरीफ सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा। पुलिस ने कहा कि परिजनों से लिखित आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, घटना के समय बस में मौजूद अन्य सभी साथियों से भी पूछताछ की जा सकती है ताकि घटना की हर कड़ी को जोड़ा जा सके। पूरे क्षेत्र में इस घटना की चर्चा है।

