गुजरात के राजकोट और साबरकांठा जिलों में पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मैरिज ब्यूरो, स्पा सेंटर और किराए के मकान की आड़ में चलाए जा रहे देह व्यापार के काले कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी कर कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि चार पीड़ित युवतियों को इन चंगुलों से सुरक्षित मुक्त कराया गया है।
मैरिज ब्यूरो की आड़ में अनैतिक गतिविधियां
राजकोट शहर के विराणी चौक स्थित गुरुरक्षा कॉम्प्लेक्स के कार्यालय नंबर 207 में मैरिज ब्यूरो की आड़ में अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की गुप्त सूचना एएचटीयू की टीम को मिली थी। पुलिस ने पहले एक डमी ग्राहक भेजकर मामले की पुष्टि की और फिर तुरंत छापेमारी की। जांच में सामने आया कि ग्राहकों से प्रवेश शुल्क के नाम पर एक हजार रुपये वसूले जाते थे और उन्हें कार्यालय के अंदर बनाए गए विशेष कमरों में भेजा जाता था। पुलिस ने मौके से संचालिका जयश्रीबेन उर्फ मीनाबेन पुजारा (51) और उनके बेटे मीत चेतन पुजारा (22) को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में एक युवती को रेस्क्यू किया गया तथा नकदी व मोबाइल सहित कुल 8,800 रुपये का सामान जब्त किया गया।
स्पा सेंटर में ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ का खेल
दूसरी कार्रवाई राजकोट के कालावड रोड स्थित कॉस्मो कॉम्प्लेक्स की पांचवीं मंजिल पर संचालित ‘फ्लोरेंस वेलनेस स्पा सेंटर’ में हुई। यहां भी पुलिस ने डमी ग्राहक के जरिए जाल बिछाया। स्पा सेंटर में मसाज के नाम पर ग्राहकों से 1,000 रुपये प्रवेश शुल्क और ‘एक्स्ट्रा सर्विस’ के बहाने 2,500 रुपये अतिरिक्त लिए जा रहे थे। पुलिस ने उदयपुर (राजस्थान) निवासी संचालक गणेश मीणा (23) को दबोच लिया और वहां मौजूद तीन युवतियों को मुक्त कराया।
साबरकांठा में किराए के मकान पर छापा
इसी तरह की एक अन्य कार्रवाई साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर-प्रांतिज रोड पर कॉलेज के पास स्थित ‘व्हाइट हाउस’ नामक किराए के मकान में की गई। एएचटीयू की टीम ने डमी ग्राहक भेजकर शिकायत की पुष्टि की और छापेमारी कर राजस्थान निवासी राजेंद्र डूंगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मौके से 6,000 रुपये जब्त किए और एक युवती को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामले दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक
छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें

