रायपुर। राजकुमार कॉलेज, रायपुर में आयोजित चार दिवसीय ऑल इंडिया IPSC अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक-बालिका तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026 का सोमवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान राजकुमार कॉलेज ने बालक और बालिका दोनों वर्गों में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया। कॉलेज के खिलाड़ियों ने कुल 109 पदक जीते, जिनमें 46 स्वर्ण, 35 रजत और 28 कांस्य पदक शामिल हैं। इसके साथ ही कॉलेज के 27 खिलाड़ियों ने 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई किया।

11 स्कूलों के 176 तीरंदाजों ने लिया हिस्सा
चार दिवसीय चैंपियनशिप में देशभर के 11 स्कूलों के कुल 176 तीरंदाजों ने हिस्सा लिया। इनमें 121 बालक और 55 बालिकाएं शामिल थीं। खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

बालक और बालिका दोनों वर्गों में राजकुमार कॉलेज चैंपियन
ओवरऑल बालक वर्ग (अंडर-14, 17 और 19 संयुक्त) में राजकुमार कॉलेज, रायपुर ने 211 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। बिरला पब्लिक स्कूल, पिलानी 147 अंकों के साथ दूसरे और हैदराबाद पब्लिक स्कूल, रमान्थापुर 70 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
वहीं ओवरऑल बालिका वर्ग (अंडर-14, 17 और 19 संयुक्त) में राजकुमार कॉलेज ने 299 अंकों के साथ चैंपियनशिप अपने नाम की। द लॉरेंस स्कूल, लवडेल 145 अंकों के साथ दूसरे और यादविंद्र पब्लिक स्कूल, पटियाला 73 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
61 खिलाड़ियों ने जीते 109 पदक
राजकुमार कॉलेज की ओर से प्रतियोगिता में कुल 61 तीरंदाजों ने भाग लिया, जिनमें 35 बालक और 26 बालिकाएं शामिल थीं। खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 109 पदक अपने नाम किए। इनमें बालक वर्ग के खिलाड़ियों ने 47 और बालिका वर्ग की खिलाड़ियों ने 62 पदक हासिल किए। इसके अलावा कॉलेज के 27 विद्यार्थियों, जिनमें 13 बालक और 14 बालिकाएं शामिल हैं, उन्होंने 70वें नेशनल स्कूल गेम्स 2026 के लिए क्वालीफाई किया है।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में राजकुमार कॉलेज सोसायटी की जनरल काउंसिल के अध्यक्ष राजा त्रिबिक्रम चंद्र देब, बरम्बा उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए सभी विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। कॉलेज के प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल अविनाश सिंह ने भी विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने 27 विद्यार्थियों के नेशनल स्कूल गेम्स के लिए क्वालीफाई करने को विद्यालय की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
इस अवसर पर उन्होंने खेल विभाग के एचओडी ऑनरेरी कैप्टन बी. करुणाकरण, विशिष्ट सेवा मेडल और उनकी पूरी टीम को इस सफलता के लिए बधाई दी।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

