लखनऊ. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार (16 अक्टूबर 2026) को लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल युवाओं को भटकाकर देश में अराजकता फैलाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष बांग्लादेश की तर्ज पर भारत में भी जबरन सत्ता परिवर्तन की कोशिश कर रहा है. राजनाथ ने राहुल गांधी से रायबरेली सीट को लेकर भी सवाल किया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस उत्तर प्रदेश में 37 साल से सत्ता से बाहर है. इसकी वजह वोट चोरी नहीं, बल्कि काम चोरी है.

इसे भी पढ़ें- UP में वोटर लिस्ट का बड़ा अपडेट, 4 जनवरी 2027 को आएगी अंतिम सूची; जानें कब तक जुड़वा सकेंगे नाम

‘विपक्ष का एजेंडा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करना’

राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘रिजीम चेंज’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल विपक्ष की मंशा पर सवाल खड़े करता है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष चुनाव सुधार या युवाओं के भविष्य के लिए नहीं, बल्कि किसी भी तरह सत्ता हासिल करने के लिए अभियान चला रहा है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र का मतलब संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करना या विकास में बाधा डालना नहीं है. उनके मुताबिक, युवाओं को अराजकता की राजनीति का हिस्सा बनाने की कोशिश हो रही है.

राहुल गांधी से रायबरेली सीट पर सवाल

रक्षा मंत्री ने राहुल गांधी से पूछा कि क्या वह समाजवादी पार्टी के समर्थन के बिना रायबरेली सीट जीत सकते हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में आखिरी बार 1985 में जीत मिली थी. राजनाथ ने राहुल के ‘वोट चोरी’ के आरोप पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल ने इसे हाइड्रोजन बम बताया था, लेकिन वह पटाखा भी साबित नहीं हुआ. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने मतदाता सूची के मुद्दे पर अदालत में आधिकारिक अपील नहीं की.

चुनाव आयोग और कांग्रेस के इतिहास का जिक्र

राजनाथ ने कांग्रेस पर चुनाव आयोग को प्रभावित करने का आरोप लगाया. उन्होंने 1993 में दो चुनाव आयुक्तों की नियुक्ति और नवीन चावला से जुड़े विवाद का जिक्र किया. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस सरकार में चुनाव आयुक्त एमएस गिल बाद में मंत्री बने. राजनाथ ने दावा किया कि वोटर आईडी आने के बाद कांग्रेस के लिए बहुमत हासिल करना मुश्किल हुआ. उन्होंने राजीव गांधी की हत्या के बाद चुनाव स्थगित किए जाने के फैसले पर भी सवाल उठाए.

इसे भी पढ़ें-बम मारने, मिट्टी में मिलाने की बात करते हैं CM योगी, सपा प्रवक्ता बोले- ऐसी भाषा से युवा क्या सीखेंगे? राजभर पर भी कसा तंज

कांग्रेस कार्यालय में मारपीट पर भी बोले

लखनऊ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में नेताओं के समर्थकों के बीच हुई मारपीट पर राजनाथ ने कहा कि कांग्रेस के लोग आपस में ही भरोसा नहीं करते. उन्होंने कांग्रेस के इतिहास में आपातकाल, 1984 के सिख विरोधी दंगों और 1990 में कारसेवकों पर गोली चलाए जाने जैसे मामलों का भी जिक्र किया. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दल विदेशी ताकतों के प्रभाव में काम कर रहे हैं और सड़क के जरिए सत्ता परिवर्तन की बात कर रहे हैं.