लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने मुख्यमंत्री की भाषा और मंत्री ओपी राजभर के बयानों पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की भाषा शालीन होनी चाहिए. उनकी बातों से युवाओं को प्रेरणा मिलनी चाहिए. लेकिन जब मुख्यमंत्री बम, मारने, दबाने और मिट्टी में मिलाने जैसी बातें करते हैं, तो यह चिंता का विषय है.
इसे भी पढ़ें- मां कात्यायनी के साहस से यूपी की बेटियों की उड़ान तक, योगी ने बताया खेल क्षेत्र में बदलाव का सफर
मुख्यमंत्री की भाषा पर उठाए सवाल
आशुतोष वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने पद की गरिमा का ध्यान रखना चाहिए. उनकी भाषा ऐसी होनी चाहिए, जिससे युवा प्रेरणा लें. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की ओर से धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है. उन्होंने सवाल उठाया कि क्या किसी मुख्यमंत्री की भाषा ऐसी होनी चाहिए? वर्मा ने कहा कि देश और प्रदेश की राजनीति में ऐसे लोगों का समर्थन होना भी सोचने वाली बात है. उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे नेता भारत और उत्तर प्रदेश का भविष्य नहीं हो सकते.
ओपी राजभर पर साधा निशाना
सपा प्रवक्ता ने मंत्री ओपी राजभर पर भी तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि राजभर की पार्टी में अब उनके बच्चे ही उनके साथ रह गए हैं. पार्टी के विधायक भी उनका साथ नहीं दे रहे हैं. वर्मा ने दावा किया कि राजभर अपनी राजनीतिक पारी के आखिरी दौर में हैं.
बीजेपी में विलय को लेकर कसा तंज
आशुतोष वर्मा ने ओपी राजभर पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी में विलय करने से पहले अपने बच्चों का राजनीतिक भविष्य सुरक्षित कर लेना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर ऐसा नहीं किया, तो यह मौका भी हाथ से निकल सकता है.
इसे भी पढ़ें- बैलेट पेपर से चुनाव में भी सपा हारी, कानपुर में BJP के राना समरेंद्र 2483 वोटों से जीते
राजभर समाज को लेकर भी दिया बयान
वर्मा ने कहा कि ओपी राजभर में अब पहले जैसा दम नहीं रह गया है. उन्होंने दावा किया कि राजभर समाज भी उनसे आगे बढ़ चुका है. उन्होंने कहा कि मौजूदा स्थिति में विपक्ष राजभर के बयानों का जवाब देने नहीं जाएगा. आशुतोष वर्मा के इन बयानों से उत्तर प्रदेश की सियासत में जुबानी जंग और तेज होने के संकेत हैं.

