कानपुर. उत्तर प्रदेश में चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, एसआईआर और ईवीएम को लेकर सियासी बहस जारी है. इस बीच कानपुर की बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष सीट के उपचुनाव में बीजेपी ने जीत दर्ज की है. खास बात यह है कि यहां मतदान बैलेट पेपर से हुआ था. इसके बावजूद समाजवादी पार्टी समर्थित प्रत्याशी को हार का सामना करना पड़ा. बीजेपी विधायक अभिजीत सिंह सांगा के भाई राना समरेंद्र सिंह ने सपा समर्थित प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी को 2483 वोटों से हराया.

इसे भी पढ़ें- अखिलेश को राजभर ने फिर दी चुनौती, बोले- जहूराबाद से ही चुनाव लड़ेंगे, आप भी आइए…

पहले राउंड से ही बीजेपी ने बनाई बढ़त

बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए 13 अक्टूबर को मतदान हुआ था. गुरुवार, 15 अक्टूबर को मतगणना हुई. गिनती शुरू होते ही बीजेपी प्रत्याशी राना समरेंद्र सिंह ने बढ़त बना ली. यह बढ़त आखिरी राउंड तक कायम रही. राना समरेंद्र सिंह को कुल 4210 वोट मिले. वहीं, सपा समर्थित प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी को 1727 वोट मिले. कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप कुमार द्विवेदी को केवल 58 वोट हासिल हुए.

मां के निधन के बाद खाली हुई थी सीट

बिठूर नगर पंचायत की अध्यक्ष निर्मला सिंह थीं. वह राना समरेंद्र सिंह की मां थीं. उनके निधन के बाद अध्यक्ष पद की सीट खाली हो गई थी. इसी वजह से यहां उपचुनाव कराया गया. मतदान के बाद गुरुवार को मतगणना हुई. सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था.

पांचवें राउंड के बाद जीत का ऐलान

मतगणना के दौरान सपा और कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थक भी केंद्र पर पहुंचे. पांचवें राउंड की गिनती पूरी होने के बाद राना समरेंद्र सिंह की जीत का ऐलान किया गया. चुनाव अधिकारी अरुणेश प्रताप सिंह ने उन्हें जीत का प्रमाण पत्र सौंपा. जीत के बाद बीजेपी समर्थकों ने नारेबाजी की.

इसे भी पढ़ें- ट्रेन और फ्लाइट के खाने में गंदगी! यूपी में 43 कैटरिंग इकाइयों की जांच, लखनऊ में किचन बंद

सपा प्रत्याशी को पुलिस सुरक्षा में घर छोड़ा

मतगणना के बाद सपा प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी को पुलिस सुरक्षा के बीच घर तक पहुंचाया गया. इस दौरान बीजेपी समर्थकों ने हूटिंग भी की. वहीं, राना समरेंद्र सिंह कार्यकर्ताओं के साथ पैदल अपने घर पहुंचे. बैलेट पेपर से हुए इस चुनाव में बीजेपी की जीत को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है.