लखनऊ. ट्रेन और हवाई जहाज में यात्रियों को भोजन पहुंचाने वाली कैटरिंग इकाइयों में सफाई की गंभीर खामियां मिली हैं. उत्तर प्रदेश खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेश में 43 इकाइयों का निरीक्षण किया।. इस दौरान चूहे और कॉकरोच मिलने पर लखनऊ में एक फर्म का बेस किचन बंद कराया गया. सहारनपुर में एक फर्म का रजिस्ट्रेशन रद्द कर दिया गया. कानपुर में 978 किलो राइस क्रम्ब्स भी जब्त किया गया.

इसे भी पढ़ें- यूपी में बड़ा न्यायिक फेरबदल, 35 जिलों के जजों के तबादले; जानिए किसे कहां मिली तैनाती

43 कैटरिंग इकाइयों की हुई जांच

एफएसडीए ने ‘शुद्ध ही शुभ’ अभियान के तहत यह कार्रवाई की. टीमों ने रेलवे कैटरिंग की 41 और एयरलाइंस को भोजन देने वाली दो इकाइयों का निरीक्षण किया. जांच लखनऊ, सहारनपुर, कानपुर नगर, आगरा, चंदौली, गोरखपुर, गाजियाबाद, मुरादाबाद, वाराणसी, बरेली और झांसी में हुई. रेलवे कैटरिंग की 30 इकाइयों में खामियां पाई गईं.

चूहे-कॉकरोच मिलने पर बेस किचन बंद

लखनऊ में एक फर्म के बेस किचन में चूहे और कॉकरोच मिले. इसके बाद किचन बंद करा दिया गया. सहारनपुर में एक फर्म का रजिस्ट्रेशन रद्द किया गया. कानपुर में जांच के दौरान 978 किलो राइस क्रम्ब्स जब्त किया गया. अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और भंडारण व्यवस्था की भी जांच की.

26 नमूने जांच के लिए भेजे गए

निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों के 26 नमूने लिए गए. इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है. टीमों को सफाई, खाद्य भंडारण, कर्मचारियों की व्यक्तिगत स्वच्छता और पेयजल परीक्षण में कमियां मिलीं. पेस्ट कंट्रोल और जरूरी दस्तावेजों के रखरखाव में भी खामियां सामने आईं.

इसे भी पढ़ें- UP के 37 जिलों में बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की आशंका; कासगंज में 3 की मौत

एयरपोर्ट की कैटरिंग इकाइयों को नोटिस

लखनऊ और वाराणसी एयरपोर्ट पर भोजन पहुंचाने वाली प्रदीप एयरकैटरर इकाइयों में भी कमियां मिलीं. कर्मचारी बिना शू कवर और मास्क के काम करते पाए गए. जरूरी अभिलेख और प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं थे. खाद्य पदार्थों की लेबलिंग में भी गड़बड़ी मिली. शाकाहारी और मांसाहारी भोजन के लिए बर्तन अलग नहीं थे. एफएसडीए ने दोनों इकाइयों को सुधार नोटिस जारी किए हैं.