प्रयागराज. उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर न्यायिक फेरबदल किया गया है. इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 35 जिलों के जिला जज रैंक और अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रैंक के अधिकारियों के तबादले की अधिसूचना जारी की है. इसमें जिला जजों के साथ विभिन्न अदालतों में तैनात न्यायिक अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दी गई है.

इसे भी पढ़ें- UP के 37 जिलों में बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की आशंका; कासगंज में 3 की मौत

सत्येंद्र कुमार उन्नाव के जिला जज बने

सहारनपुर के जिला जज सत्येंद्र कुमार को उन्नाव का जिला जज बनाया गया है. चित्रकूट के जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषमणि को प्रयागराज भेजा गया है. प्रतापगढ़ के जिला जज राजीव कमल पांडेय को मुजफ्फरनगर का जिला जज बनाया गया है. पीठासीन अधिकारी राम प्यारे को गोरखपुर की कमर्शियल कोर्ट से हमीरपुर का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है.

कई अधिकारियों को नई अदालतों में जिम्मेदारी

रितीश सचदेवा को एडीजे मेरठ बनाया गया है. मो. असलम सिद्दीकी मेरठ में ही एससी-एसटी कोर्ट का काम देखेंगे. राकेश कुमार पंचम को मेरठ से श्रावस्ती भेजा गया है. उनके तबादले के कारण एक मामले में सजा सुनाने की सुनवाई टल गई. गुरप्रीत सिंह बावा को हापुड़ के वाहन दुर्घटना ट्रिब्यूनल से गौतम बुद्ध नगर भेजा गया है.

गोरखपुर, मुजफ्फरनगर और उन्नाव में बदलाव

संजीव कुमार सिन्हा को पीलीभीत की फैमिली कोर्ट से गोरखपुर की कमर्शियल कोर्ट भेजा गया है. दिनेश प्रताप सिंह को मुजफ्फरनगर में एडीजे बनाया गया है. नीतीश कुमार राय को गाजियाबाद की फैमिली कोर्ट से उन्नाव में एडीजे बनाया गया है. कविता शुक्ला उन्नाव में एससी-एसटी कोर्ट की सुनवाई करेंगी. अंकिता शुक्ला, प्रेम प्रकाश और रामराज द्वितीय को भी उन्नाव में दूसरी अदालतों की जिम्मेदारी दी गई है.

इसे भी पढ़ें- खुद को कानून से ऊपर समझती है यूपी पुलिस? हाईकोर्ट ने दिखाया आईना, गौतमबुद्ध नगर मामले में की तीखी टिप्पणी

चंदौली, ललितपुर और लखीमपुर खीरी में तैनाती

विवेक त्रिपाठी को औरैया की फैमिली कोर्ट से चंदौली का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है. राजीव कुमार तृतीय को बुलंदशहर के वाहन दुर्घटना ट्रिब्यूनल से ललितपुर भेजा गया है. सुनील कुमार पंचम को गोंडा की फैमिली कोर्ट से चित्रकूट का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है. लोकेश राय को अमरोहा के वाहन दुर्घटना दावा ट्रिब्यूनल से लखीमपुर खीरी का जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है.