लखनऊ. उत्तर प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम बदल गया है. मौसम विभाग (IMD) ने आज शुक्रवार (16 अक्टूबर 2026) को प्रदेश के 37 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है. गुरुवार को नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, वाराणसी और सहारनपुर समेत 20 शहरों में आंधी-बारिश हुई.

इसे भी पढ़ें- खुद को कानून से ऊपर समझती है यूपी पुलिस? हाईकोर्ट ने दिखाया आईना, गौतमबुद्ध नगर मामले में की तीखी टिप्पणी

नोएडा में बिल्डिंग की शटरिंग गिरी

नोएडा में आंधी के कारण सात मंजिला कॉमर्शियल बिल्डिंग की शटरिंग गिर गई. इसकी चपेट में आने से पार्किंग में खड़ी 14 गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं. कासगंज में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. मृतकों में एक महिला, उसकी नौ साल की बेटी और देवर शामिल हैं.

गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर भरा पानी

मथुरा में तेज बारिश के कारण गोवर्धन परिक्रमा मार्ग पर पानी भर गया. वहीं, लखनऊ में बिना बारिश के कचहरी मोड़ पर मंडलायुक्त कार्यालय के पास सड़क धंस गई. गोंडा में टेढ़ी नदी में नहाते समय 35 वर्षीय पुत्तन तेज धारा में बह गया. उसकी तलाश की जा रही है.

17 अक्टूबर तक बारिश के आसार

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास बने पश्चिमी विक्षोभ का असर यूपी में दिख रहा है. इसके चलते 17 अक्टूबर तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है. लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

इसे भी पढ़ें- मेरठ में ‘स्पेशल 26’ वाला कांड! फर्जी विजलेंस अफसर बनकर किया किडनैप, मांगी 50 लाख की फिरौती, 5 गिरफ्तार

लखनऊ में बाढ़, डेंगू का खतरा बढ़ा

लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में बाढ़ से तीन लाख से अधिक लोग प्रभावित हैं. गोमती का जलस्तर घटने लगा है, लेकिन कई घरों में 19वें दिन भी तीन से चार फीट तक पानी भरा है. गली-मोहल्लों में नावों से आवाजाही हो रही है. इस बीच डेंगू का खतरा भी बढ़ रहा है. पिछले 24 घंटे में 10 नए मामले सामने आए हैं.

किसानों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है. धान की पकती फसल की समय पर कटाई करें और उपज को नमी से बचाकर रखें. सब्जियों के खेतों में जलभराव न होने दें. फसलों में कीट और रोग के लक्षणों पर भी नजर रखें.