गाजीपुर. उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है. सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने अपनी चुनावी सीट का ऐलान कर दिया है. उन्होंने साफ कहा कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव गाजीपुर की जहूराबाद सीट से ही लड़ेंगे. उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी जहूराबाद से चुनाव लड़ने की चुनौती दी.

इसे भी पढ़ें- ट्रेन और फ्लाइट के खाने में गंदगी! यूपी में 43 कैटरिंग इकाइयों की जांच, लखनऊ में किचन बंद

जहूराबाद से ही चुनाव लड़ेंगे राजभर

गाजीपुर में मीडिया से बातचीत के दौरान राजभर से उनकी चुनावी सीट को लेकर सवाल पूछा गया. इस पर उन्होंने कहा कि वह जहूराबाद से ही चुनाव लड़ेंगे. उनके इस बयान से आजमगढ़ की अतरौलिया सीट से चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया है. राजभर ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जहूराबाद आकर चुनाव लड़कर दिखाएं. उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद नतीजे सामने आ जाएंगे.

पंचायत चुनाव पर हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत

पंचायत चुनाव को लेकर हाईकोर्ट के आदेश पर भी राजभर ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने अदालत के फैसले का स्वागत किया. हालांकि, उन्होंने कहा कि आदेश का विस्तार से अध्ययन करने के बाद ही वह इस मुद्दे पर अपनी बात रखेंगे.

यूजीसी विवाद पर सवर्ण समाज का समर्थन

यूजीसी विवाद पर सवाल पूछे जाने पर राजभर ने सवर्ण समाज की मांग को जायज बताया. उन्होंने कहा कि इस मामले में संबंधित लोगों को न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना चाहिए. उनके बयान को इस विवाद में सवर्ण समाज की मांग के समर्थन के तौर पर देखा जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- UP के 37 जिलों में बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की आशंका; कासगंज में 3 की मौत

आर्थिक आधार पर आरक्षण की वकालत

आरक्षण के मुद्दे पर राजभर ने आर्थिक आधार पर आरक्षण देने की वकालत की. उन्होंने कहा कि आरक्षण का लाभ गरीब और कमजोर वर्गों तक पहुंचना चाहिए. उन्होंने सवाल उठाया कि विकास की मुख्यधारा में आगे बढ़ चुके लोगों को आरक्षण की जरूरत क्यों होनी चाहिए. उनके बयान से आरक्षण की व्यवस्था और उसके लाभार्थियों को लेकर नई राजनीतिक बहस छिड़ सकती है.