शब्बीर अहमद, भोपाल। राज्यसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश से बड़ी खबर सामने आई है। एमपी कांग्रेस विधायकों की बाड़ेबंदी करेगी। बताया जा रहा है कि कल मंगलवार को विधायकों को कर्नाटक भेजा जाएगा। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि हम विधायकों को कर्नाटक लेकर जाएंगे।

राज्यसभा चुनाव से पहले मध्य प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। राज्यसभा की तीसरी सीट पर भाजपा उम्मीदवार उतारे जाने के बाद सियासी सरगर्मी चरम पर है। कांग्रेस अपने कुनबे को एकजुट रखने और किसी भी तरह की सेंधमारी से बचाने के लिए पूरी तरह ‘एक्शन मोड’ में आ गई है। पार्टी ने अपने विधायकों को बांधे रखने के लिए सोमवार को दिनभर ‘लंच पॉलिटिक्स’ और ‘डिनर डिप्लोमेसी’ का सहारा लिया। जिसमें मतदान की रणनीति से लेकर विधायकों की बाड़ेबंदी (शिफ्टिंग) पर चर्चा हुई।

ये भी पढ़ें: राज्यसभा चुनाव के बीच बनी सियासत की कुंडली: मीनाक्षी और महेश की राशि एक लेकिन भाग्य में अंतर, जानें किसकी स्थिति मजबूत ?

नामांकन के बाद लंच पॉलिटिक्स

सोमवार सुबह कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के विधानसभा में नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद सभी कांग्रेस विधायकों को सीधे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (PCC) पहुंचने के निर्देश दिए गए। दोपहर 1:00 बजे प्रदेश कार्यालय में सभी विधायकों के लिए एक विशेष लंच (दोपहर का भोजन) आयोजित किया गया। इस लंच के साथ ही एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक शुरू हुई, जिसमें प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मुख्य रूप से मौजूद रहे। बैठक में राज्यसभा चुनाव के दौरान होने वाली वोटिंग को लेकर रणनीति तैयार की गई।

डिनर डिप्लोमेसी में बड़ा फैसला

लंच पॉलिटिक्स के बाद कांग्रेस का यह सियासी घटनाक्रम शाम को भी जारी रहा। विधायकों को एकजुट रखने की कड़ी में ‘डिनर डिप्लोमेसी’ की। शाम को नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सभी कांग्रेस विधायकों को अपने निवास पर डिनर (रात के खाने) पर आमंत्रित किया। इस डिनर मीटिंग के दौरान विधायकों की सुरक्षा और क्रॉस वोटिंग के खतरे को देखते हुए उन्हें कर्नाटक में शिफ्ट करने को लेकर रणनीति बनाई गई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m