अमेठी. समाजवादी पार्टी के बागी विधायक राकेश प्रताप सिंह 14 अक्टूबर को आधिकारिक रूप से भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे. मीडिया से बातचीत में उन्होंने इसकी पुष्टि की और सपा नेतृत्व पर तीखा हमला बोला. उन्होंने पार्टी छोड़ने की वजह बताते हुए कहा कि जिन लोगों के लिए राष्ट्र और समाज से ज्यादा परिवार और जाति महत्वपूर्ण हो, उनके साथ राजनीति करना संभव नहीं है.
इसे भी पढ़ें- ‘कांग्रेस सत्ता वियोग में पगला गई’, केशव मौर्य का राहुल-प्रियंका पर तंज; अखिलेश को भी घेरा
‘राम के अस्तित्व पर सवाल उठाने वालों के साथ नहीं’
राकेश प्रताप सिंह ने कहा कि जहां भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाए जाते हों और रामचरितमानस की प्रतियां जलाई या फाड़ी जाती हों, वहां वह राजनीति नहीं कर सकते. उन्होंने कहा कि तुलसीदास की लेखनी पर सवाल उठाने और सनातन धर्म की तुलना गंभीर बीमारियों से करने वाले लोगों के साथ रहना उनके लिए संभव नहीं है.
सपा के PDA नारे पर साधा निशाना
सपा के पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA के नारे पर भी राकेश प्रताप सिंह ने निशाना साधा. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सपा के पास न P है, न D और न A है. उन्होंने हालिया राज्यसभा चुनाव का उदाहरण देते हुए भाजपा पर सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का दावा किया.
‘सपा ने परिवार और उद्योगपतियों को भेजा राज्यसभा’
राकेश प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि सपा ने अपने कोटे से राज्यसभा में परिवार के सदस्यों और उद्योगपतियों को भेजा. उनके मुताबिक इसमें दलित और अल्पसंख्यक वर्ग का प्रतिनिधित्व नहीं था. वहीं उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने पिछड़ा, अति-पिछड़ा, दलित, ब्राह्मण और क्षत्रिय वर्गों को प्रतिनिधित्व दिया.
इसे भी पढ़ें- अखिलेश यादव के अयोध्या जाने पर क्यों घबराई BJP? सुरेंद्र राजपूत बोले- ‘पेट में दर्द क्यों हो रहा’
गौरीगंज से टिकट पर फैसला BJP का
भाजपा में शामिल होने का कार्यक्रम 14 अक्टूबर को होगा. राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ केंद्रीय और राज्य स्तरीय नेता मौजूद रहेंगे. गौरीगंज विधानसभा सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उम्मीदवार तय करने का अधिकार पार्टी के संसदीय बोर्ड और शीर्ष नेतृत्व का है. पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, वह उसकी जीत के लिए पूरी ताकत लगाएंगे.

