कुंदन कुमार, पटना। किसान नेता राकेश टिकैत आज बुधवार (7, अक्टूबर) को पटना पहुंचे। पटना में उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि, सरकार सैटेलाइट सिटी बनाने की योजना तो बना रही है। सरकार किसान से जमीन ले रही है। लेकिन किसनाों को वह रेट नहीं दे रही है, जो उन्हें मिलना चाहिए।
‘किसानों के साथ अन्याय कर रही है सरकार’
राकेश टिकैत ने कहा कि, 2013 के ही रेट पर किसान से जमीन लेने की बात की जा रही है। आप समझ लीजिए किसानों के साथ कितना बड़ा अन्याय सरकार कर रही है। उन्होंने मांग किया कि सरकार सबसे पहले सर्किल रेट बढ़ाएं, उसके बाद सैटेलाइट सिटी बनाने की तैयारी कीजिए।
उन्होंने कहा कि, अगर आप वही रेट रखते हैं, तो 2013 के हिसाब से सोना दिलवाइए। लोगों को 2013 के हिसाब से सारा रेट रखिए। सब कुछ का रेट बढ़ गया, लेकिन किसान के भूमि का रेट क्यों नहीं बढ़ रहा है? इसका जवाब सरकार को देना होगा।
2013 का सर्किल रेट नहीं चलेगा- राकेश टिकैत
राकेश टिकैत ने कहा कि, आप (सरकार) बड़े-बड़े माल बनाए। बड़े-बड़े शहर बनाए। बड़े-बड़े अस्पताल बनाए। किसान का जमीन लीजिए कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन किसान को जमीन का वाजिब मूल्य मिलना चाहिए और इसको लेकर हमारी लड़ाई जारी है। हम बिहार के सरकार को भी यह सिखाने आए हैं कि सैटेलाइट सिटी का निर्माण हो या अच्छी बात है, लेकिन किसानों को वाजिब मूल्य उनके जमीन का मिलना चाहिए। 2013 का सर्किल रेट नहीं चलेगा।
क्या है सैटेलाइट टाउनशिप योजना?
दरअसल बिहार सरकार राज्य में 11 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने जा रही है। सैटेलाइट सिटी योजना के तहत बड़े शहरों पर बढ़ती आबादी और ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए उनके आसपास नए, आधुनिक शहर या विकसित इलाके बसाने का है। इन सैटेलाइट शहरों में सड़क, आवास, बिजली, पानी, अस्पताल, स्कूल, रोजगार और दूसरी जरूरी सुविधाएं विकसित की जाएंगी, ताकि लोगों को हर काम के लिए मुख्य शहर पर निर्भर न रहना पड़े।
ये भी पढ़ें- ‘धमकी की राजनीति कर रहा विपक्ष’, राहुल गांधी पर बरसे बिहार BJP अध्यक्ष संजय सरावगी

