Bihar News: पटना कोचिंग विवाद और ज्ञान बिंदु के डायरेक्टर रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत मामले पर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी को पत्र लिख सीबीआई जांच की मांग की है। तेजस्वी द्वारा पत्र लिखने और सीबीआई जांच की मांग करने पर बिहार सरकार में मंत्री और बीजेपी नेता रामकृपाल यादव की प्रतिक्रिया सामने आई है।

‘राजनीतिक रोटियां नहीं सेंके तेजस्वी’

रामकृपाल यादव ने कहा कि, इन सब चीजों पर सरकार विचार कर रही होगी। लेकिन तेजस्वी यादव को राजनीतिक रोटियां नहीं सेंकनी चाहिए। आप नेता प्रतिपक्ष हैं। सब लोगों का दायित्व बनता है कि सब लोग मिलकर एक अच्छा माहौल बना कर रखें, ताकि बच्चे यहां पढ़कर आगे निकल सकें।

तेजस्वी ने सीएम को लिखा पत्र

गौरतलब है कि पटना कोचिंग विवाद के बीच बीते रविवार (14 जून) को नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में प्रिंस यादव की संदिग्ध हालत में मौत हो गई थी। इस मामले में तेजस्वी यादव ने सीएम सम्राट चौधरी को पत्र लिखते हुए कहा है कि, सर्वविदित है कि विगत दिनों पहले बिहार की राजधानी स्थित दो कोचिंग संस्थानों के आपसी विवाद उपरांत कथित रूप से मारपीट तोडफोड एवं गोलीबारी की घटना घटित हुई जिसमें दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए तथा कोचिंग संचालक रोशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदेहास्पद स्थिति में नेपाल में मृत्यु होने की खबर फैलने के बाद यह मामला और गंभीर हो चुका है।

तेजस्वी ने की CBI जांच की मांग

तेजस्वी ने आगे कहा कि, इस मामले में सरकार और राज्य पुलिस की कार्यशैली और निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्न चिन्ह लग रहे है। मुख्यमंत्री से पत्र लिख अनुरोध किया है कि जनभावना को देखते हुए इस मामले को CBI को सुपुर्द कर दिया जाए जिससे कि इसकी निष्पक्ष, प्रभावी एवं गहराई से जांच हो सके तथा जांचोपरांत दोषी आरोपियों पर समुचित विधिसंगत कार्रवाई सुनिश्चित हो।

कल शाम हुआ प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार

कल सोमवार को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रौशन आनंद शाम को अपने पैतृक गांव सहरसा पहुंचे, जहां देर शाम प्रिंस यादव का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान काफी संख्या में लोग श्मशान घाट पहुंचे हुए थे। इसमें पटना के कई सारे शिक्षक और सोशल मीडिया से जुड़े लोग भी शामिल थे। घर से लेकर घाट तक का माहौल गमगीन रहा। प्रिंस की मौत को लेकर सभी लोगों में आक्रोश भरा हुआ था। लोग इस मौत के लिए खान सर को सीधे-सीधे जिम्मेदार ठहरा रहे थे।

खान सर पर लगाया हत्या का आरोप

जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर आते ही रौशन आनंद ने अपने भाई की मौत को हत्या करार दिया। उन्होंने मीडिया से बातचीत और प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान खान सर पर खुलकर गंभीर आरोप लगाए। रौशन आनंद ने कहा कि, हमारे हमारे भाई की हत्या फैसल खान (खान सर) और किसान कोल्ड स्टोरेज के मालिक आर एस प्रसाद ने करवाया है।

उन्होंने सरकार से मामले की CBI जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि, जब हम जेल में नहीं थे। मेरे भाई को कुछ नहीं हुआ था। हम जेल गए उसके बाद साजिश रचकर इन लोगों ने हमारे भाई की हत्या करवाई है। फैसल खान के बारे में और सब बात बताएंगे। वो क्या है? सब पता है।

ये भी पढ़ें- बिहार में पुलिस-लुटेरों के बीच मुठभेड़, 45 लाख के ज्वेलरी लूटकांड के दोनों आरोपियों को लगी गोली