कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने विपक्षी दलों की तुलना टर्र-टर्र करने वाले मेढकों से करते हुए कहा कि इन्हें कभी भी एक तराजू में नहीं तौला जा सकता है। मंत्री ने राज्य में होने जा रहे विधान परिषद (MLC) चुनावों का हवाला देते हुए विपक्ष के दावों की हवा निकाल दी।
उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि एक तरफ विपक्षी नेता बार-बार ‘विपक्षी एकता’ का ढिंढोरा पीटते हैं, वहीं दूसरी तरफ जमीन पर इनकी असलियत कुछ और ही होती है। आगामी विधान परिषद चुनावों में कांग्रेस, वाम दलों और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) द्वारा अलग-अलग उम्मीदवार मैदान में उतारे जाने पर उन्होंने तंज कसा कि यही इनका एकता का असली चेहरा है।
अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर पलटवार
तेजस्वी यादव द्वारा सरकार पर लगातार उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए रामकृपाल यादव ने पूर्ववर्ती सरकारों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिनके राज में अपराधियों को खुला संरक्षण मिलता था और पूरे राज्य में ‘जंगलराज’ का बोलबाला था, आज वही लोग एनडीए सरकार पर अनर्गल और गलत बयानबाजी कर रहे हैं।
मंत्री ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि बिहार की वर्तमान सरकार कानून के शासन पर विश्वास रखती है। यहां पूरी तरह से कानून का राज कायम है और कोई भी व्यक्ति यदि कानून को हाथ में लेगा या गलत काम करेगा, तो सरकार उसे किसी भी कीमत पर बख्शेगी नहीं।
रोहिणी आचार्य के राजनीतिक कदम पर दी प्रतिक्रिया
जब मीडिया ने मंत्री रामकृपाल यादव से रोहिणी आचार्य के पटना आने और लालू प्रसाद यादव की राजनीतिक विरासत संभालने की चर्चा पर सवाल किया, तो उन्होंने इसे पूरी तरह से एक पारिवारिक मामला बताया। उन्होंने कहा कि यह उनका अंदरूनी मामला है और वे अपनी पार्टी के बारे में खुद तय करते हैं, इसलिए इस पर कुछ भी कहना उचित नहीं है।

