अयोध्या. श्रीरामजन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे में कथित चोरी और हेराफेरी के मामले में जांच को लेकर बड़ा घटनाक्रम सामने आया है. अब इस मामले की जांच के लिए गठित होने वाली नई विशेष जांच टीम (SIT) में दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम सुप्रीम कोर्ट को भेजे जाएंगे.
इसे भी पढ़ें- इश्क में एक और बीवी बेवफा! पत्नी ने आशिक के साथ पति को सुलाई मौत की नींद, जानिए मोहब्बत में मर्डर की दास्तां
सोमवार को होने वाली सुनवाई में उत्तर प्रदेश सरकार लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस, अयोध्या के डीआईजी सोमेन वर्मा और एसएसपी गौरव ग्रोवर के नाम अदालत के समक्ष रखेगी. कोर्ट इन नामों पर विचार करने के बाद नई एसआईटी के गठन पर फैसला ले सकता है.
सुप्रीम कोर्ट ने मांगी थी निष्पक्ष जांच की जानकारी
इस मामले की पिछली सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार से पूछा था कि क्या स्थानीय पुलिस की बजाय एसआईटी से जांच कराई जा सकती है. अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए. इससे पहले गठित एसआईटी में लखनऊ मंडल के कमिश्नर विजय विश्वास पंत और विशेष सचिव वित्त नील रतन कुमार शामिल थे, लेकिन अब उनकी जगह वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को शामिल करने की तैयारी की गई है.
CJI की सख्त टिप्पणी- राजनीति का मंच नहीं है अदालत
सुनवाई के दौरान भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) ने याचिकाकर्ताओं को स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस मामले को राजनीतिक रंग न दिया जाए. उन्होंने कहा कि अदालत केवल यह सुनिश्चित करना चाहती है कि कथित अपराध की निष्पक्ष जांच हो. सीजेआई ने कहा कि न्यायालय राजनीति का मंच नहीं है, बल्कि कानून के तहत सच्चाई सामने लाने का माध्यम है.
सरकार ने बताया- 8 आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि मामले की जांच जारी है और अब तक आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है. उन्होंने कहा कि एसआईटी ने प्रारंभिक जांच में संज्ञेय अपराध पाए जाने की पुष्टि की थी, जिसके बाद नियमित पुलिस जांच शुरू की गई. हालांकि, जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी फिलहाल सार्वजनिक नहीं की जा सकती.
सोमवार की सुनवाई पर टिकी निगाहें
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की अगली सुनवाई सोमवार को होगी. माना जा रहा है कि सुप्रीम कोर्ट नई एसआईटी के गठन को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी कर सकता है. साथ ही श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है. अब सभी की नजर इस बात पर है कि कोर्ट जांच प्रक्रिया को लेकर क्या अंतिम आदेश देता है.


