बराड़ा। (अनिल शर्मा ). बराड़ा थाना के नव नियुक्त थाना प्रभारी रामकरण सैनी ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

इसके साथ ही शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।

रामकरण सैनी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विशेष रणनीति के तहत काम किया जाएगा।

उन्होंने अभिभावकों से भी अपील करते हुए कहा कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए न दें।

उन्होंने कहा कि कम उम्र में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन सकता है। यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो मोटर वाहन अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

उन्होंने नागरिकों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की।