तरनतारन। जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। थाना वैरवाल क्षेत्र के गांव रामपुर भूतविंड में अज्ञात चोरों ने एक किसान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की नकदी और सोने के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

परिवार को नशीली दवा सुंघाकर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित किसान प्रताप सिंह के अनुसार, वह रोज की तरह रात में भोजन करने के बाद परिवार के साथ घर के बरामदे में सो गए थे। देर रात अज्ञात चोर घर में घुस आए। आशंका है कि चोरों ने परिवार के सदस्यों को नशीली दवा सुंघा दी, जिससे सभी गहरी नींद में सो गए और उन्हें घटना की भनक तक नहीं लगी।
अलमारी का ताला तोड़कर ले गए सोना और नकदी
चोरों ने घर के कमरे में रखी अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे करीब 20 तोला सोने के गहने तथा 2 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुबह खुली आंख तो उड़ गए होश
घटना का पता तब चला जब सुबह परिवार के सदस्य नींद से जागे। घर का सामान बिखरा हुआ देखकर उनके होश उड़ गए। जांच करने पर अलमारी से सोने के गहने और नकदी गायब मिली। पीड़ित परिवार ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
पीड़ित के पड़ोसी जसबीर सिंह ने बताया कि चोरी की इस घटना से प्रताप सिंह को करीब 30 से 35 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही थाना वैरवाल के एसएचओ अमृतपाल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
एसएचओ अमृतपाल सिंह ने बताया कि विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस का दावा है कि मामले में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर चोरी गया सामान बरामद किया जाएगा।
पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित किसान प्रताप सिंह ने जिला पुलिस प्रमुख से न्याय की मांग करते हुए कहा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके चोरी हुए गहने और नकदी बरामद की जाए, ताकि परिवार को राहत मिल सके।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

